image: PM Modi Dehradun Rally for Expressway Inauguration on April 14

Uttarakhand news: देहरादून बनेगा अभेद्य किला, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा; PM को सुनने आएंगे 40 हजार लोग

PM Modi Uttarakhand visit: 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून में दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। 40 हजार लोगों की भीड़ और कड़ी सुरक्षा के बीच भव्य जनसभा की तैयारी पूरी।
Apr 12 2026 10:35AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून में दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पूरे आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है।

PM Modi’s Dehradun Rally for Expressway Inauguration on April 14

जनसभा के लिए प्रधानमंत्री का मुख्य मंच विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई 8 फीट, चौड़ाई 32 फीट और लंबाई 64 फीट होगी। मंच की सजावट में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रमुखता दी जा रही है, ताकि कार्यक्रम में स्थानीय पहचान की झलक दिखाई दे। प्रशासनिक अनुमान के अनुसार इस कार्यक्रम में 35 से 40 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए करीब 32 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही 7000 वीआईपी मेहमानों और लगभग 25 हजार आम लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

सुरक्षा के लिहाज से विशेष इंतजाम

प्रधानमंत्री के मंच और जनता के बीच सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 60 फीट की दूरी रखी गई है। पहली पंक्ति मंच से 55 फीट दूर होगी, जबकि बीच में 5 फीट चौड़ा सुरक्षा गलियारा बनाया गया है, जहां सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। सभा स्थल पर मुख्य पंडाल सहित कुल तीन पंडाल बनाए जा रहे हैं। साधु-संतों के लिए अलग मंच तैयार किया गया है, वहीं मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए 70×90 फीट का विशेष पंडाल बनाया जा रहा है। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारियों के सम्मान के लिए भी अलग मंच तैयार किया गया है।आगे पढ़िए

मीडिया के लिए विशेष गैलरी

इस बार पत्रकारों के लिए 24×24 फीट की सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाई जा रही है। साथ ही पहली बार 10×10 मीटर की अलग मीडिया गैलरी तैयार की जा रही है, जिससे मीडिया कवरेज को और बेहतर बनाया जा सके। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए 2500 बसें, टैक्सी, मैक्सी कैब, वैन और अन्य वाहन लगाए जा रहे हैं। पार्किंग के लिए एफआरआई, टी स्टेट और जोशी फार्म को चिन्हित किया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

पानी, शौचालय और चिकित्सा सुविधाएं

जनसभा में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 20 पानी के टैंकर, 700 वाटर डिस्पेंसर और 40 मोबाइल टॉयलेट लगाए जा रहे हैं। टॉयलेट की सफाई के लिए 10 सक्शन मशीनें तैनात रहेंगी। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल यूनिट भी तैयार की गई है।

अभेद्य सुरक्षा घेरा

कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए एसपीजी, इंटेलिजेंस ब्यूरो और उत्तराखंड पुलिस की बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। सभा स्थल के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड तैनात रहेंगे। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मंच से लेकर बैकस्टेज तक मॉक ड्रिल भी पूरी कर ली गई है, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home