पहाड़ के वीर सपूत का पाकिस्तान को खुला चैलेंज, ‘आतंकी भेजो, हम जमीन में गाड़ देंगे’!
Sep 26 2017 7:37PM, Writer:शोभित
इस वक्त अगर पाकिस्तान में सबसे ज्यादा खौफ बरकरार है, तो वो है भारतीय सेना का। इसके साथ ही पाकिस्तान भारतीय सेना के चीफ जनरल बिपिन रावत से खौफजदा है। भारतीय सेना के इस जांबाज ऑफिसर का नाता उत्तराखंड से ही है। पौड़ी के इस पराक्रमी वीर ने कई बार पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट के बारे में हमने आपको बताया था कि भारतीय सेना अब तक इस साल 109 से ज्यादा आतंकियों को मौत की नींद सुला चुकी है। ये जनरल बिपिन रावत की ही पहल है कि सेना को पहली बार ये खुली छूट मिली है कि जो आतंकी जहां दिखे, ुससे सवाल पूछे बिना ही मार डालो। पाकिस्तान की आतंकी घुसपैठ की कोशिशों पर आर्मी चीफ बिपिन रावत ने करारा जवाब दिया है। आर्मी चीफ बिपिन रावत ने कहा कि सीमा के उस पार आतंकी कैंप चल रहे हैं। इसलिए आतंकी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं।
जनरल ने कहा कि भारतीय सेना आंतकियों को दबोचती रहेगी और ढाई फीट जमीन के नीचे पहुंचाती रहेगी। मतलब साफ है कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसे उसी की भाषा में जवाब मिलता रहेगा। आर्मी चीफ बिपिन रावत ने ये भी कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो भारत पाकिस्तान के आतंकियों के खिलाफ दोबारा सर्जिकल स्ट्राइक करेगा। सोमवार को आर्मी चीफ बिपिन रावत बहादुर सैनिकों पर लिखी किताब 'इंडियाज मोस्ट फियरलेस' के विमोचन के मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हमारी फौज की सर्जिकल स्ट्राइक से दुश्मन समझ गए हैं भारतीय सेना कैसे इरादे रखती है। उन्होंने कहा कि आतंकियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें उनकी सही जगह पर पहुंचा कर भारतीय सेना चैन से बैठेगी। आर्मी चीफ ने कहा कि भारत पहले से ज्यादा मजबूत देश के रूप में उभर कर सामने आया है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी देशवासी को भारतीय सेना के जवान की क्षमता पर शक नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक किसी भी मिशन, किसी भी वक्त और कहीं भी ऑपरेशन के लिए तैयार हैं। आर्मी चीफ बिपिन रावत का कहना है कि हमारी सेना हमेशा देश का सिर ऊंचा रखेगी। उसे कभी भी झुकने नहीं दिया जाएगा। आर्मी चीफ का कहना था कि हर सैनिक के सामने सबसे बड़ी चुनौती शांति बनाए रखने की होती है। लेकिन, सैनिकों की डिक्शनरी में शांति शब्द नहीं होता, क्योंकि जब शांति होती है तो सैनिकों को भविष्य की स्थितियों के लिए तैयारियां करनी पड़ती हैं। इसी कार्यक्रम में उन्होंने ये बात भी कही कि हमें पता है कि आज भी पाकिस्तान में बार्डर पर आतंकी कैंप चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पार से आतंकी आते रहेंगे और भारतीय सेना के जवान उन्हें रिसीव कर ढाई फीट जमीन में गाड़ते रहेंगे।