उत्तराखंड के शुभम गौड़ का वर्ल्ड कप के लिए सलेक्शन, हो गया टीम इंडिया का ऐलान!
Sep 28 2017 4:46PM, Writer:कपिल
उत्तराखंड के युवाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है। इसी हुनर की बदौलत ये प्रतिभाएं अतंर्राष्ट्रीय. स्तर पर अपनी प्रतिभा का जलवा दिखा रही हैं। चाहे खेल हो, चाहे पढ़ाई हो, चाहे विज्ञान हो या फिर कला का ही क्षेत्र क्यों ना हो, हर जगह, हर वक्त देवभूमि के युवा खुद को साबित करने से पीछे नहीं हट रहे। आज हम बात करने जा रहे हैं उत्तराखंड के एक फुटबॉल स्टार की। इस लड़के का नाम है शुभम गौड़। उत्तरकाशी के इस युवा ने अपने पैरों से ऐसा हुनर दिखाया है कि हर कोई इनका मुरीद हो गया है। जी हां शुभम गौड़ अब वर्ल्ड कप के लिए तैयार हैं। इसके लिए भारतीय मिनी फुटबॉल टीम में शुभम का सलेक्शन हो गया है। शुभम का कहना है कि इसके लिए वो जी जान से तैयारियों में जुटे हैं और हर हाल में उत्तराखंड का नाम रोशन करना चाहते हैं। ये चैंपियनशिप नार्थ अफ्रीका के ट्यूनिशिया में आयोजित की जानी है।
शुभम गौड़ उत्तरकाशी जिले के कंडारी गोडर गांव के रहने वाले हैं। शुभम के पिता राजेश प्रसाद गौड़ मुंबई में बिजनेस करते हैं। शुभम का बचपन मुंबई में ही बीता है। शुभम ने मुंबई की वाशी के मोतीलाल झुनझुनवाला कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। फिलहाल वो महाराष्ट्र की टीम की तरफ से खेलते हैं। शुभम को बतौर डिफेंडर खेलते देखना बड़ा शानदार हैं पिता कहते हैं कि शुभम का खेल देखकर उन्हें काफी खुशी होती है। शुभम ने पिछले साल महाराष्ट्र के लिए फुटसल कॉम्पिटीशन में भाग लिया था। बीते हफ्ते मुंबई में मिनी फुटबाल नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इस कॉम्पिटीशन में भी शुभम ने बेहतरीन खेल दिखाया था। इस प्रतियोगिता में शुभम के शानदार प्रदर्शन को देखकर मिनी फुटबाल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से बड़ा ऐलान किया गया।
शुभम का सलेक्शन नेशनल टीम में हुआ है। इस टीम को नार्थ अफ्रीका में 6 से 15 अक्टूबर तक होने वाले मिनी वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है। बताया जा रहा है कि 5 अक्टूबर को शुभम भारतीय टीम के साथ नार्थ अफ्रीका के लिए रवाना हो जाएंगे। उत्तराखंड से शुभम को गहरा लगाव है। शुभम कहते हैं कि वो हर बार अपने नाना के पास और अपने गांव में जाते रहते हैं। खैर राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से शुभम को शानदार करियर का आगाज करने के लिए हार्दिक बधाई। शुभम ने जिस तरह से प्रदर्शन किया, उसकी बदौलत उन्हें ये ईनाम मिला है। इतने बड़े लेवल पर जाने के बाद भी उनके दिल में उत्तराखंड के लिए बेहद प्यार है। आज कई ऐसे उत्तराखंडी हैं, जो उत्तराखंड से बाहर रहने के बाद भी उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में शुभम वर्ल्ड फुटबॉल के एक बेहतरीन खिलाड़ी बन सकते हैं।