image: Two Major Road Accidents in Asharodi

उत्तराखंड: आशारोड़ी हाईवे पर दो भीषण सड़क हादसे! एक युवक की दर्दनाक मौत.. पुलिस पर आरोप

Dehradun News: आशारोड़ी क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में नशे में धुत युवकों ने तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। दोनों मामलों में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
May 3 2026 1:31PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

आशारोड़ी क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों यहां दो बड़े सड़क हादसे सामने आए, जिनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। लगातार हो रही घटनाओं ने इस इलाके को एक तरह से “एक्सीडेंट ज़ोन” बना दिया है।

Two Major Road Accidents in Asharodi

जानकारी के अनुसार नोएडा से देहरादून आ रही एक कार आशारोड़ी चौकी के पास एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही एक SUV ने भी उसी कार को टक्कर मार दी, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। इस भीषण दुर्घटना में ग्रेटर नोएडा निवासी रविंद्र कुमार की मौत हो गई। उनकी पत्नी अंजली कश्यप की तहरीर पर क्लेमेंटटाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

10 बजे मिली हादसे की सूचना

रविंद्र कुमार की पत्नी अंजली कश्यप नेपुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति रविंद्र कुमार 30 अप्रैल 2026 को अपने तीन साथियों—मनोज पाठक, दिनेश और राघव (सभी गौतम बुद्ध नगर निवासी) के साथ फैक्ट्री से शाम करीब 5:30 बजे देहरादून के लिए निकले थे। जिस कार में वे सवार थे, वह दिनेश के नाम पर पंजीकृत थी। रात करीब 10 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उनके पति गंभीर रूप से घायल हैं। जब वह अगले दिन देहरादून पहुंचीं, तो उन्हें पता चला कि उनके पति का शव जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन एंबुलेंस और क्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक SUV ने दुर्घटनाग्रस्त कार को फिर टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। गंभीर रूप से घायल रविंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 1 मई को जिला अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम कराया गया। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आगे पढ़िए..

दूसरा हादसा: नशे में धुत युवकों का कहर

आशारोड़ी बैरियर के पास एक और गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार और नशे में धुत युवकों की लापरवाही सामने आई। इस घटना में एक कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता मनीष हुड्डा के अनुसार, वह 1 मई को दोपहर करीब 3:30 बजे दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। उनकी कार में तीन महिलाएं और एक बच्चा सवार था। बैरिकेडिंग के कारण उन्होंने अपनी गाड़ी धीमी की, तभी पीछे से आ रही एक मारुति सियाज ने तेज रफ्तार में उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार आगे खड़े एक अन्य वाहन से जा टकराई, जिससे तीनों गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ। हादसे के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

नशे में थे आरोपी, महिलाओं से अभद्रता

तहरीर के अनुसार, सियाज कार में सवार तीन युवक—मनवेंद्र सिंह (चालक), रुपेश सिंह और डोनाल्ड सिंह—नशे में थे। हादसे के बाद उन्होंने गाड़ी से शराब की बोतलें बाहर फेंकी और महिलाओं के साथ अभद्रता व धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ितों ने किसी तरह पास की पुलिस चौकी पहुंचकर मदद ली। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर किए गए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में चालक समेत दो युवकों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। चालक की रीडिंग 186 पाई गई, जो बेहद खतरनाक स्तर मानी जाती है। क्लेमेंटटाउन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मेडिकल जांच, वाहन जब्त करने और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home