देहरादून में खौफनाक मर्डर! दहेज में बाइक न मिलने पर पति ने पत्नी का गला घोंटकर मार डाला
Dehradun News: सेलाकुई क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामले में पति ने दहेज में बाइक न मिलने और पत्नी पर शक के चलते उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या को बीमारी से मौत दिखाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आ गई।
May 4 2026 8:22PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के देहरादून जिले के सेलाकुई क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे दहेज में मोटरसाइकिल की मांग और पत्नी पर शक को वजह बताया जा रहा है।
Husband Kills Wife Over Dowry Demand and Suspicion
आरोपी ने हत्या के बाद इसे बीमारी से हुई मौत बताकर सभी को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई है, जिससे पूरा मामला उजागर हो गया। सेलाकुई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पति को रविवार देर रात बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी आरिफ के रूप में हुई है। आगे पढ़िए..
शादी के बाद से ही दहेज को लेकर विवाद
मृतका शाहीन बानो के पिता लाल मोहम्मद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2025 में शादी के बाद से ही आरोपी उनकी बेटी से दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था। घटना वाले दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने चुन्नी से पत्नी का गला घोंट दिया। आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ काम के लिए सेलाकुई आया था और किराए के कमरे में रह रहा था। दहेज में बाइक न मिलने को लेकर तनाव लगातार बना हुआ था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।