उत्तराखंड के किसानों को सीएम त्रिवेंद्र का तोहफा, ‘गढ़वाली’ की जन्मभूमि से बड़े ऐलान!
Oct 2 2017 10:34AM, Writer:कपिल
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत इस बार किसानों के लिए बड़ा तोहफा लेकर आए हैं। पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की जन्मभूमि पीठसैण में उन्होंने सहकारिता किसान कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत लघु, सीमांत और गरीबी रेखा से नीचे जी रहे किसानों और उनके परिवार के एक सदस्य को कर्ज दिया जाएगा। ये योजना कृषि ऋण सहकारी समितियों, जिला और राज्य सहकारी बैंकों के माध्यम से दिए जाने वाले ऋण पर ही लागू होगी। सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि योजना का उद्देश्य छोटे किसानों को प्रोत्साहित करना है और पलायन जैसी परेशानी को खत्म करना है। इसके साथ ही सीएम ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मारक और पार्क का भी शिलान्यास किया। मैखुली से कठूरखाल मोटर मार्ग के शिलान्यास के साथ ही बूंगीधार-दिल्ली बस सेवा का शुभारंभ भी किया।
दरअसल इस मौके पर थलीसैण विकासखंड की चौथान पट्टी के पीठसैण में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस प्रोग्राम में सीएम त्रिवेंद्र बतौर मुख्य अतिथि शामिल थे। सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि पलायन को रोकने के लिए सरकार गंभीर है। पलायन रोकने के लिए सरकार की तरफ से कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के बेहतर परिणाम आने वाले वक्त में दिखेंगे। इस मौके पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में एक साल के भीतर फर्नीचर की व्यवस्था कर ली जाएगी। इसक साथ ही उन्होंन कहा कि 2019 तक पूरे विधानसभा क्षेत्र को साक्षर बना दिया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश के विकास को गति देने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं।
योजना के तहत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 101 किसानों को ऋण के चेक दिए। इनमें चमोली जिले के 21, पौड़ी के 70 और अल्मोड़ा के दस किसानों को चेक दिए गए हैं। आपको बता देते हैं कि आखिर इस योजना की खास बात क्या है। योजना के तहत दो प्रतिशत ब्याज दर पर लघु, सीमांत और गरीबी रेखा से नीचे जीवन बिताने वाले किसानों को ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वो जल्द ही भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करने वाले हैं। इशारों ही इशारों में उन्होंने नौकरशाहों को संकेत दे दिया कि वो निष्पक्षता के साथ जनता से जुड़े कामों से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रष्टचाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना है कि आने वालो वक्त में सीएम क्या बड़ा खुलासा करन जा रहे हैं।