image: Friends Prank Over Missing Buddy Reaches Police

उत्तराखंड: नाराज दोस्त को मनाने के लिए शहर भर में लगा दिये "लापता" के पोस्टर, पुलिस ने लगाई अक्ल ठिकाने

ऋषिकेश में दोस्तों ने नाराज मित्र को मनाने के लिए उसकी गुमशुदगी के पोस्टर लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद युवकों को चेतावनी देकर चालानी कार्रवाई की गई।
Jun 11 2026 7:36PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

दोस्तों के बीच हुई नाराजगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक द्वारा अपने दोस्तों से बातचीत बंद करने पर दोस्तों ने उसे मनाने के लिए ऐसा मजाक किया, जो बाद में पुलिस तक पहुंच गया।

Friends' Prank Over Missing Buddy Reaches Police

जानकारी के अनुसार रेलवे सड़क निवासी एक युवक की अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद युवक ने उनसे बातचीत बंद कर दी थी। दोस्तों ने उसे मनाने के लिए उसकी तस्वीर के साथ "गुमशुदा" लिखे पोस्टर तैयार करवा दिए। युवकों ने पोस्टर में अपने दोस्त की तस्वीर लगाकर उसे ढूंढकर लाने वाले के लिए सिगरेट की एक डिब्बी इनाम के रूप में घोषित कर दी। इसके बाद इन पोस्टरों को अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र की विभिन्न दीवारों पर चस्पा कर दिया गया। मामला यहीं नहीं रुका। युवकों ने पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच गया। आगे पढ़िए..

जब वायरल वीडियो और पोस्टरों की जानकारी युवक और उसके परिजनों को मिली तो वे नाराज हो गए। परिजनों ने मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल एक युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उनका दोस्त कई दिनों से उनसे बात नहीं कर रहा था और उसे मनाने के उद्देश्य से उन्होंने मजाक में यह पोस्टर लगवाए थे।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

प्रभारी निरीक्षक KC Bhatt ने बताया कि मामले में सभी युवकों को कोतवाली बुलाया गया। उन्हें भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई और चालानी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस का कहना है कि किसी व्यक्ति की तस्वीर और पहचान का इस तरह उपयोग करना गलतफहमी और अनावश्यक विवाद पैदा कर सकता है। इसी वजह से युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई ताकि भविष्य में इस तरह के मजाक दोबारा न दोहराए जाएं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home