अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लो, इस दिन पूरे देश में नहीं मिलेगा पेट्रोल !
Oct 11 2017 4:19PM, Writer:सुमित
देशभर के लोगों के लिए बड़ी खबर है, अगर आप हर दिन आने जाने के लिए गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए ये बुरी खबर हो सकती है। जितनी जल्दी हो सके अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लें। वरना आपको आने वाले वक्त में परेशानी झेलनी पड़ सकती है। जी हां ये खबर निकलकर सामने आ रही है कि देशभर के 54 हजार पेट्रोल पंप 13 अक्टूबर को बंद रहेंगे। इन पेट्रोल पंपों पर किसी भी तरह की खरीद फरोख्त नहीं होगी। अब आपको ये भी बता देते हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है और इसकी वजह क्या है। दरअसल पेट्रोल पंप संचालक काफी वक्त से अपनी मांग पूरी करने के लिए हड़ताल पर जा रहे हैं। पीडीए यानी पेट्रोलियम डीलर्स असोसिएशन द्वारा इस देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई है। इनकी मांग है कि तमाम तरह के पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स को जीएसटी के दायरे में लाया जाए। इनकी मांग है कि इन्हें बेहतर मार्जिन दिया जाए।
ये संगठन हिंदुस्तान के सभी पेट्रोल डीलर्स के 3 संगठनों को जोड़कर तैयार किया गया है। इन सभी की मांग है कि तेल बिक्री कंपनियों के साथ जो समझौता 4 नवंबर 2016 को हुआ था, उसे लागू किया जाए। इसके साथ ही इस संगठन ने मांग की है कि मार्केटिंग डिसिप्लीन गाइडलाइंस के तहत लगाई जा रही पेनल्टी को हटाया जाए। संगठन ने कहा है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर दिन बदल रही हैं। इससे खरीददारों और डीलर्स को बड़ा नुकसान हो रहा है। इस वजह से उनका कहना है कि पेट्रोलियम उत्पादों को जल्द ही GST के दायरे में लाया जाए। ये भी ऐलान किया गया है कि 13 अक्टूबर को देशभर के किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री नहीं की जाएगी। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर 27 अक्टूबर मांगें पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
केजीटीए यानी कलकत्ता गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी इसका समर्थन किया है। उनका कहना है कि GST लागू होने के बाद ट्रांसपोर्ट का बिजनेस ठप होता दिख रहा है। कुल मिलाकर कहें तो 13 अक्टूबर के दिन देशभर में पेट्रोल मिलना काफी मुश्किल हो सकता है। अगर आप भी हर दिन कहीं आने जाने के लिए वाहन का इस्तेमाल करते हैं, तो अपनी गाड़ी की टंकी फुल करवा लें। वरना आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कहा तो ये भी जा रहा है कि कुछ पेट्रोल पंप इस दिन आंशिक तौर पर खुले रह सकते हैं। 13 अक्टूबर को ही पता चलेगा कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की कितनी किल्लत देखी गई। पहले भी खबर आई थी कि भारत सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों को GST के दायरे में लाने पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो तेल की कीमतें 46 रुपये प्रति लीटर तक जा सकती हैं।