फिर उत्तराखंड दौरे पर पीएम मोदी, 42 साल पुराना इतिहास बदलेंगे !
Oct 25 2017 9:48AM, Writer:ऐनी
पीएम मोदी के उत्तराखंड से लगाव का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि वो एक हफ्ते में दूसरी बार उत्तराखंड का दौरा कर रहे हैं। पीएम मोदी का पहाड़ों की रानी मसूरी में होने वाला दौरा बेहद खास होगा। दरअसल इसके पीछे कुछ वजहें भी हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि 42 साल बाद कोई पीएम मसूरी दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी देश के तीसरे प्रधानमंत्री होंगे जो मसूरी दौरे पर जा रहे हैं। पीएम मोदी से पहले जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी मसूरी दौरे पर जाने वाले दो प्रधानमंत्री हैं। इस दौरे को लेकर काफी सतर्कताएं बरती जा रही हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए राज्य सरकार अब ज्यादा सतर्क दिख रही है। 26 और 27 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहेगें।
इस दौरान पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर गोपनीयता बरती जाएगी। दरअसल पीएम मोदी के सुरक्षा कारणों को लेकर उनका कार्यालय यानी पीएमओ भी गंभीर है। आतंकी धमकी के मद्देनजर पीएम मोदी के दौरे और कार्यक्रमों को सार्वजनिक किए जाने को लेकर एहतियात बरते जा रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर जारी हो रहे विस्तृत ब्योरे पर भी आपत्ति जताई जा रही है। पीएम मोदी रात का विश्राम मसूरी में ही करेंगे। सचिवालय में मुख्य सचिव एस रामास्वामी ने मोदी के दो दिनी दौरे को लेकर पुलिस महानिदेशक समेत बड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सुरक्षा की तमाम तैयारियों का जायजा लिया गया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बैठक में इसका विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया। पीएम मोदी एलबीएस एकेडमी में प्रशिक्षु आईएएस को संबोधित करेंगे।
इसे लेकर एलबीएस एकेडमी प्रशासन और मसूरी के लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। सबसे पहले पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू 1948 और 1950 में मसूरी आए थे। इसके बाद इंदिरा गांधी भी 1975 में मसूरी आई थीं। अब प्रधानमंत्री मोदी एलबीएस अकादमी में 26 अक्तूबर को आ रहे हैं। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी कर दी गई हैं। खास तौर पर सुरक्षा का ध्यान रखा गया है। हो सकता है कि पीएम मोदी यहां से कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं। इसके अलावा खास बात ये है कि एलबीएस एकेडमी के प्रशिक्षु आईएएस में इसे लेकर अलग से ही उत्साह बना हुआ है। खैर इतना जरूर है कि 42 साल बाद कोई पीएम मसूरी दौरे पर जा रहे हैं।