image: Heavy Rain Disrupts Life in Pithoragarh 16 Roads Closed

पिथौरागढ़: भारी बारिश से 16 ग्रामीण सड़कें बंद, कैलास मानसरोवर मार्ग का वैकल्पिक रास्ता भी बहा

पिथौरागढ़ में रविवार रात हुई बारिश से बंगापानी में 113 एमएम वर्षा दर्ज की गई, जबकि मलबा आने से कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत 16 ग्रामीण सड़कें बंद हैं।
Sep 14 2026 12:44PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार रात हुई बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले के लगभग सभी क्षेत्रों में वर्षा हुई। बंगापानी तहसील में सर्वाधिक 113 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य तहसीलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत जिले की 16 ग्रामीण सड़कें अब भी बंद हैं। वहीं, ऊंची हिमालयी चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है।

Heavy Rain Disrupts Life in Pithoragarh, 16 Roads Closed

कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कूलागाड़ के पास पुल बहने के बाद प्रशासन ने आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया था। रविवार शाम तेज बारिश के बाद इस वैकल्पिक मार्ग के भी बहने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने सोमवार सुबह मौके पर पहुंचकर वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त कराया। मरम्मत के बाद इस मार्ग पर आवाजाही सुचारू कर दी गई है। बारिश और मलबा आने के कारण जिले में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित कुल 16 ग्रामीण मार्ग बंद बताए जा रहे हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के पास लगातार पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।

पंचाचूली समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात

बारिश के साथ जिले की ऊंची हिमालयी चोटियों पर भी मौसम बदला है। पंचाचूली, राजरंभा, नंदा देवी और हरदेवल चोटियों पर हिमपात होने की सूचना है। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर टला बड़ा हादसा

बारिश के बीच घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर रविवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के बाद वाहन चालक ने बचने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पैराफिट पर चढ़ गया और विद्युत पोल से टकराकर रुक गया।गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने जेसीबी से वाहन को निकाला

घटना की सूचना मिलने के बाद घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के जरिए वाहन को बाहर निकाला गया। इसके बाद वाहन में सवार यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस ने बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से सावधानी बरतने और पत्थर गिरने वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने की अपील की है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home