image: Khatima Boy Secures All India 11th Rank in NDA Exam

उत्तराखंड: पिता थे सेना में हवलदार, अब बेटा बनेगा अफसर, जतिन ने NDA में पाई 11वीं रैंक

खटीमा के सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन सिंह भाट ने NDA की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 11वीं रैंक हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
Nov 7 2026 3:24PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। ऊधमसिंह नगर जिले के सीमांत क्षेत्र खटीमा के जतिन सिंह भाट ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 11वीं रैंक हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन की इस शानदार उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

Khatima Boy Secures All India 11th Rank in NDA Exam

खटीमा की सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन सिंह भाट ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी के दम पर NDA परीक्षा में देशभर में 11वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। जतिन के पिता नारायण भाट भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं। पिता की देशसेवा से प्रेरित होकर जतिन ने भी सेना में अधिकारी बनने का सपना देखा और अपनी मेहनत से उसे साकार करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की।

ढोल-दमाऊ और NCC कैडेट्स ने किया भव्य स्वागत

जतिन की सफलता पर उनके स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने जतिन और उनके माता-पिता का माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ जतिन का स्वागत किया। वहीं, उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति की पहचान ढोल-दमाऊ और छोलियारों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। स्कूल की शिक्षिकाओं और एनसीसी कैडेट्स ने भी जमकर उत्सव मनाया। पूरे समारोह में खुशी और गौरव का माहौल देखने को मिला।

जतिन ने युवाओं को दिया मेहनत और निरंतरता का संदेश

अपनी इस सफलता का श्रेय जतिन सिंह भाट ने अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत और निरंतरता बेहद जरूरी है। जतिन ने डिफेंस क्षेत्र में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश दिया कि वे अपनी तैयारी लगातार जारी रखें और जिस क्षेत्र में उनकी रुचि है, उसमें पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें।

मां बोलीं- बेटे की सफलता किसी सपने जैसी लग रही है

जतिन की मां गीता भाट ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अब भी ऐसा लग रहा है जैसे यह कोई सपना हो कि उनका बेटा सेना में अधिकारी बनने की दिशा में इतनी बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों का भी आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन और शिक्षा की बदौलत आज उनका बेटा इस मुकाम तक पहुंच पाया है। वहीं, स्कूल के प्रबंध निदेशक मधुसूदन दास गोस्वामी, सह प्रबंध निदेशक प्राजेश गोस्वामी, जया चुफाल गोस्वामी, प्रबंधक विनोद बोहरा, प्रभा ज्याला, जगदीश सामंत और दिनेश चिलकोटी ने जतिन और उनके माता-पिता को बधाई दी। सभी ने जतिन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खटीमा के इस होनहार युवा की उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जतिन की सफलता आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो देश की रक्षा सेवा में शामिल होकर वर्दी पहनने का सपना देखते हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home