image: Uttarakhand Plans Registration for Winter Char Dham Yatra

उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा के लिए भी होगा रजिस्ट्रेशन, जानें क्या होंगे नए नियम

उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा के लिए भी चारधाम यात्रा की तर्ज पर पंजीकरण व्यवस्था बनाने की तैयारी है। पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा, लेकिन इससे श्रद्धालुओं की जानकारी और सुरक्षा के लिहाज से उनका डाटा तैयार किया जाएगा।
Nov 12 2026 10:37AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इसके जरिए यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी। साथ ही शीतकालीन यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का डाटा भी तैयार किया जा सकेगा। हालांकि, चारधाम यात्रा की तुलना में कम भीड़ को देखते हुए शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य नहीं किया जाएगा।

Uttarakhand Plans Registration for Winter Char Dham Yatra

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा स्थगित हो जाएगी। शीतकाल में चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होती है। इस दौरान श्रद्धालु इन स्थानों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकते हैं। बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। गंगोत्री धाम की पूजा मुखबा और यमुनोत्री धाम की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में होती है। आगे पढ़िए..

2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए थे दर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद शीतकालीन यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की रुचि देखने को मिली। वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे। वहीं, वर्ष 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे।

सुरक्षा के लिहाज से तैयार होगा श्रद्धालुओं का डाटा

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है। इसलिए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य सुरक्षा के लिहाज से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी जुटाना और उनका डाटा तैयार करना है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home