देवभूमि के फौजी भाई का दमदार पंच, बॉक्सिंग में जीत लाया मेडल
Nov 2 2017 12:10PM, Writer:जतिन
उत्तराखंड के गांव के लड़के का दम देखिए। इस लड़के ने तमाम परेशानियों और बाधाओं को पार कर देश के लिए एक मिसाल दी है। आपको तब और भी ज्यादा गर्व महसूस होगा, जब आप ये भी जानेंगे कि देश की सेना में ये युवा हवलदार के पद पर है। मुनस्यारी के लाल हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी ने पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया। उन्होंने नेशनल बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल जीतकर देवभूमि का मान बढ़ाया है। हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी मुनस्यारी विकासखंड के धुरातोली के रहने वाले हैं। दुर्योधन सिंह नेगी ने नेशनल बॉक्सिंग में सर्विसेज की टीम से खेल कर सिल्वर मेडल हासिल किया है। किया। ये बॉक्सिंग चैंपियनशिप विशाखापट्टनम में आयोजित की गई। अब आपको सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं कि किस तरह से उन्होंने मैच दर मैच जीत हासिल की है।
इस प्रतियोगिता में हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी का पहला मुकाबला आसाम के बॉक्सर से हुआ, जिसे उन्होंने आसानी से मात दे दी। इसके बाद उनका दूसरा मुकाबला उत्तराखंड के ही कॉम्पिटीटर से हुआ। इस मैच में भी उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद तीसरा मैच हरियाणा के खिलाड़ी से हुआ, जिसे अपने पंच से हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी ने बेदम कर दिया। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबला में वो मध्यप्रदेश के खिलाड़ी से भिड़े। सेमीफाइल में जीत हासिल करने के बाद उनका मुकाबला रेलवे के मनोज कुमार से होना था। हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी इस मैच में 3-2 से हार गए। सिर्फ एक अंक के अंतर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी इससे पहले भी नेशनल चैंपि्यनशिप में गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं।
2016 में हवलदार दुर्योधन सिंह नेगी ने सिल्वर मेडल जीता था। उन्होंने प्रेसिंडेट कप इंडोनेशिया में तीन बार भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पद जीता है। इसके अलावा मंगोलिया में हुए उलंबतार कप और थाइलैंड में हुए किंग्स कप में भी वो देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। दुर्योधन सिंह नेगी 2004 में चार कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। 2010 से कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर में उन्होंने बॉक्सिंग की शुरूआत की। वर्तमान मे आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टिट्यूट पुणे में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका अगला उद्देश्य 2018 में होने वाले एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतना है। उत्तराखंड के इस वीर सैनिक को रा्य समीक्षा की टीम की तरफ से हार्दिक बधाई। आगे भी इसी तरह से देश और देवभूमि का मान सम्मान बढ़ाए रखें।