उत्तराखंड के गांव का छोरा, इंटरनेशनल लेवल पर मेडल जीतने को तैयार, आ गया बुलावा
Nov 8 2017 5:47PM, Writer:अमिता
उत्तराखंड में हुनरमंदों की कोई कमी नहीं है। बार बार अपनी प्रतिभा से देवभूमि के बच्चों ने साबित किया है कि अगर उन्हें सही मुकाम मिले तो वो किसी भी लक्ष्य को पार करने की ताकत रखते हैं। बस दरकार है तो एक सही मंच मिलने की, जहां से ये युवा खून अपनी प्रतिभा में और ज्यादा निखार ला सकता है। ऐसे ही हैं अनिल कुमार, जो बॉक्सिंग के जरिए अपना नाम रोशन कर रहे हैं। अनिल कुमार 12वीं कक्षा के छात्र हैं और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में पढ़ते हैं। अनिल कुमार ने जूनियर इंडया बॉक्सिंग कैंप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। अनिल कुमार बागेश्वर के रहने वाले हैं। गुवाहाटी में 12 से 17 जुलाई तक जूनियर नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। इस चैंपियन शिप में अनिल कुमार ने कांस्य पदक जीता था। अनिल कुमार की एक और खास बात ये है कि वो उत्तराखंड के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैंस जिनका सलेक्शन इंडिया कैंप के लिए हुआ है।
इस कैंप का आयोजन रोहतक में 13 नवंबर से 13 दिसंबर तक होगा। इस कैंप के बाद विदेशी टूर के लिए भारतीय टीम का सलेक्शन किया जाएगा। अनिल जब कक्षा 90 में थे, तब उन्होंने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेजड में दाखिला लिया था। पिछले साल स्कूल नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अनिल कुमार ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। इस साल अनिल कुमार का सलेक्शन स्कूल नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। कुल मिलाकर कहें तो देवभूमि का एक और लड़का इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान कायम करने के लिए बेकरार है। माना जा रहा है कि अनिल अपने खेल से सलेक्टर्स को प्रभावित कर पाएंगे। उत्तराखंड का युपवा खून लगातार बड़े कारनामे करने के लिए उबाल मार रहा है। आज के दौर में हरियाणा जैसे राज्यों में नए खिलाड़ियों के लिए बकायदा ट्रेनिंग कैंप लगाए जाते हैं।
खिलाड़ियों के हुनर को इन राज्यों में पहले से ही पहचान लिया जाता है। पहले से ही लड़के और लड़कियों को तैयार किया जाता है। इसके बाद इन्हें राज्य सरकार द्वारा ही ट्रेनिंग के लिए खर्चा दिया जाता है। तब जाकर ऐसे खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतते हैं और देश का मान बढ़ाते हैं। इस वक्त उत्तराखंड सरकार को भी ऐसी ही कोशिशों की जरूरत है कि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया जाए। अनिल कुमार जैसे कई सितारे हैं, जो उत्तराखंड में एक मंच को तलाश रहे हैं। अगर उन्हें सही तरीके से ट्रेनिंग दी गई तो वो दिन भी दूर नहीं होगा, जब ओलंपिक जैसे खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ी मेडल जीत सकेंगे। खैर अनिल कुमार को राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं, जिंदगी में प्रगति पथ पर लगातार आगे बढ़ते रहिए। जीत हासिल कीजिए और देवभूमि का नाम रोशन कीजिए।