गढ़वाल में IPL की तर्ज पर GPL, गढ़वाल प्रीमियर लीग, आप तैयार हैं ?
Nov 15 2017 5:57PM, Writer:सुनील
उत्तराखंड के खेल प्रेमियों के लिए एक शानदार खबर है। खासकर क्रिकेट के शौकीनों के लिए तो ये खबर किसी गिफ्ट से कम नहीं है। सुनने में आया है कि श्रीनगर के युवाओं ने अपने स्तर पर ही गढ़वाल प्रीमियर लीग करने की ठानी है। जी हां बिल्कुल आईपीएल की तर्ज पर ये मैच होंगे, चौके छक्के लगेंगे और दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से मैदान गूंज उठेगा। खबरों की मानें तो पूरी तरह से आईपीएल की तर्ज पर ये मुकाबले होंगे। इस लीग को गढ़वाल प्रीमियर लीग का नाम दिया गया है। खास बात ये भी है कि इससे गढ़वाल में छुपी वो क्रिकेट प्रतिभाएं भी सामने आ सकेंगी, जो इंटरनेशनल लेवल पर कुछ करने का दम भरती हैं। अब आपको इस टूर्नामेंट के बारे में विस्तार से बताते हैं। आपको जानकर खुशी होगी कि इस टूर्नामेंट के लिए अब तक के सभी ट्रायल पूरे कर लिए गए हैं।
एक वेबसाइट में छपी खबर के मुताबिक इस टूर्नामेंट में कुल मिलाकर 14 टीमें शिरकत करेंगी। जी हां आईपीएल की तरह की यहां भी खिलाड़ियों की नीलामी होगी। 26 नवंबर को अलग अलग टीमों के मालिक अपने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खरीदेंगे। हालांकि खिलाड़ियों का बेस प्राइस क्या होगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। गढवाल प्रीमियर लीग के ये टूर्नामेंट श्रीनगर और गोचर में आयोजित किए जाएंगे। खास बात ये है कि इस लीग में आप डे नाइट मैच का भी आनंद उठा सकते हैं। हालांकि सर्दियों का मौसम है और इस बीच डे नाइट मैचों में दर्शकों की कमी होने का अंदेशा लगाया जा सकता है। लेकिन इतना जरूर है कि उत्तराखंड में पहली बार हो रहे ऐसे टूर्नामेंट के लिए युवा खिलाड़ियों में जोश और उत्साह है। खिलाड़ी अभी से ही इस टूर्नामेंट के लिए अपनी अपनी तैयारियों में जुटे हैं।
अब तक उत्तराखंड क्रिकेट बोर्ड का गठन तो नहीं हुआ है लेकिन इसके बाद भी उत्तराखंड के कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो नेशनल टीम में अपनी जगह बना चुके हैं। महिला क्रिकेट टीम में मानसी जोशी और एकता बिष्ट जैसी हुनरमंद खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलकर आई हैं। तो भारतीय पुरुष टीम में पवन नेगी, ऋषभ पंत और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ी अपना जलवा बिखेर रहे हैं। दरकार है तो उत्तराखंड की प्रतिभाओं की सामने लाने की, इस कोशिश को इसी पहल का एक हिस्सा माना जा सकता है। अब सवाल ये है कि गढ़वाल प्रीमियर लीग का सलेक्शन प्रोसेस किस तरह का होगा। किस तरह से खिलाड़ियों को अलग अलग टीमों में शामिल किया जाएगा और कैसे अलग अलग मैचों का आयोजन होगा, ये कुछ ऐसे सवाल हैं, जो भविष्य के गर्भ में छिपे हैं लेकिन इतना जरूर है कि गढ़वाल प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट आने वाले वक्त में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होगी।