image: Watersports in tehri lake

कश्मीर से कम नहीं हमारा उत्तराखंड, अब टिहरी झील में इस रोमांच का मजा लो

Nov 16 2017 11:14AM, Writer:कपिल

उत्तराखंड में अब नए रोमांच और पर्यटन के नए अनुभव का मजा लेने के लिए तैयार हो जाइए। आप कश्मीर गए होंगे तो वहां आपने डल झील में हाउस बोट और शिकारे का आनंद लिया होगा। इसी तर्ज पर अब टिहरी झील में भी हाऊस बोट नजर आने लगी हैं। एक बड़ा दिलचस्प पहलू भी जान लीजिए। श्रीनगर की डल झील 22 वर्ग किमी में फैली है, लेकिन उत्तराखंड की टिहरी झील डल झील से दोगुनी बड़ी है। जरा सोचिए इस रोमांच का आनंद कैसा होगा। टिहरी झील में तैरने वाली इस बोट को फ्लोटिंग हट का नाम दिया गया है। पहले फेज में 10 फ्लोटिंग हट झील में उतारी गई हैं। हट का निर्माण पहले ही शुरू कर दिया गया था। । इसका संचालन झील विकास प्राधिकरण के जिम्मे दिया गया है। टिहरी झील को वर्ल्ड टूरिज्म मानचित्र पर उभारने की कवायद में ये एक और कड़ी है।

बड़ी खुशी की बात है कि इस झील को वाटर स्पो‌र्ट्स हब के रूप में विकसित तो किया जा रहा है। इसके साथ ही सैलानियों को लुभाने के लिए दूसरी और भी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। अब आपको इन फ्लोटिंग हट्स के बारे में भी बता देते हैं। इस फ्लोटिंग हट में आपको एक बैडरूम मिलेगा। इसके साथ ही इनमें अटैच्ड टॉयलेट और छोटी बालकनी दी गई हैं। इस बैडरूम का आकार दस गुणा 12 फीट का है। एक हट को दो लोगों के लिए डिजाइन किया गया है। कमरे में एक डबल बैड और छोटी मेज कुर्सी भी आपको मिलेगी। ये फ्लोटिंग हट पूरी तरह से ईको फ्रेंडली होंगी। इससे निकलने वाला सीवर झील में नहीं गिराया जाएगा, बल्कि हट में बने एक अलग बॉक्स में जमा कर इसे झील से बाहर निस्तारित किया जाएगा।

फ्लोटिंग हट की खासियत ये है कि झील के बीच में सभी दस हट एक दूसरे से चेन के जरिये जुड़ी हैं। पर्यटकों को नाव के जरिए यहां पहुंचाया जाएगा। इन फाइबर हट का निर्माण मुंबई की एक फर्म से कराया गया है। एक हट के निर्माण पर करीब 40 लाख रुपये का खर्चा किया गया है। पर्यटन विभाग की देखरेख में तैयार की गई फ्लोटिंग हट को झील विकास प्राधिकरण को सौंप दिया गया। जाहिर है कि ये फ्लोटिंग हट टिहरी झील को एक नई पहचान दे रहे हैं। इसमें पर्यटकों को विश्वतरीय सुविधाएं दी जाएंगी। निश्चित तौर पर ये कदम उत्तराखंड पर्यटन में एक नया अध्याय जोड़ेगा। खैर अगर आपने अभी तक टिहरी झील में वॉटर स्पोर्ट्स का मजा नहीं लिया हो तो, एक बार जरूर यहां आएं ।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home