उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा, इंडोनेशिया में जीते दो गोल्ड, 5 ब्रॉन्ज मेडल
Nov 16 2017 6:21PM, Writer:मीत
उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा आज पूरी दुनिया देख रही है। ये ही वो खिलाड़ी हैं, जो विश्व के पटल पर अपनी एक अलग ही छाप छोड़ रहे हैं। एक बार फिर से उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जी हां सिंगापुर में आयोजित ओपन स्केटिंग कॉम्पिटीशन में उत्तराखंड के पांच युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस कॉम्पिटीशन में उत्तराखंड के युवाओं ने 2 गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही पांच कांस्य पदक भी इन युवाओं ने अपनी झोली में डाले हैं। देहरादून पहुंचने पर इन सभी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया है। दरअसल इंडोनेशिया में 4 और 5 नवंबर को इस कॉम्पिटीशन का आयोजन कराया गया था। अब आपको इन खिलाड़ियों के नाम भी बता देते हैं। अविरल नेगी ने दो हजार मीटर रिले में एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
सिद्धार्थ जैन ने 500 मीटर रिंक रेस में एक गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इसके साथ ही सिद्धार्थ ने एक हजार मीटर और दो हजार मीटर रिंक रेस में दो कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही शिवांशु परियाल ने दो हजार मीटर रिंक रिले रेस में एक कांस्य पदक अपने नाम किया है। यति गुप्ता ने 500 मीटर रिंक रेस में एक कांस्य पदक अपने नाम किया है। इसके साथ ही आदित्य चोपड़ा ने भी 2 हजार मीटर रिंक रेस में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। देहरादून पहुंचने पर इन खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया है। स्केटिंग का खेल 2020 में ओलंपिक गेम में शामिल हो जाएगा। यहां से हम उम्मीद लगा सकते हैं कि उत्तराखंड के ये प्रतिभाशाली युवा आगामी ओलंपिक के लिए कड़ी मेहनत करें तो एक बार फिर से प्रदेश के साथ साथ देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस खेल में एक सॉलिड फ्लोर तैयार किया जाता है। जिस तरह से रेस के लिए ग्राउंड तैयार किया जाता है, वैसे ही ओपन स्केटिंग के लिए एक सॉलिड टर्फ तैयार की जाती है। इसमें स्केट्स के सहारे युवाओं को काफी मेहनत करनी पड़ती है। जाहिर है कि ये खेल इतना आसान नहीं है, जितना हम सोचते हैं। खैर इतना जरूर है कि उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि खेलों के मामले में वो किसी से कम नहीं हैं। आज उत्तराखंड के युवा हर खेल में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। चाहे आप बात बॉक्सिंग की करें या फिर क्रिकेट की करें। चाहे आप बात बैडमिंटन की करें या फिर कुश्ती की करें।। हर जगह उत्तराखंड के युवा अपना दमखम साबित कर रहे हैं। खैर मेडल जीतने वाले सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से हार्दिक बधाई।