Dec 13 2017 2:33PM, Writer:अमिता
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। ऐसे में मिनी स्विट्जरलैंड कहे जाने वाले चोपता का नजारा आंखों में भर लीजिए। जब भी आप या कोई भी किसी छुट्टी की योजना बनाता है तो सबसे पहले उन्हें हिल स्टेशनों की ही याद आती है,भीड़-भाड़ से दूर बस प्रकृति की गोद में बसी ये खूबसूरत जगह आजकल बर्फ से ढक गई है। उत्तराखंड राज्य के रुद्रप्रयाग जिले में बसा है छोटा सा हिल स्टेशन चोपता। चोपता आजकल बर्फ की चादर से ढक गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर इस जगह की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। खुद रुद्रप्रयाग के डीएम मंगेश घिल्डियाल से संबंधित एक फेसबुक पेज पर इसकी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। गजब की खूबसूरत जगह बन गया है चोपता। स्लाइड्स स्क्रॉल करें और ये मनमोहक तस्वीरें देखिए
चोपता 2
1
/
चोपता ऐसा अनछुआ और अनजान हिल स्टेशन है जिसकी प्राकृतिक खूबसूरती और हरियाली आपको अंदर तक आनंदित कर देगी। यहाँ की नम हवा में बसी खुशबू आपके तन-मन को तरोताजा कर देंगी। यहाँ पहुँच आपकी आत्मा उत्साह और संतुष्टि से भर जाएगी। यहां के पहाड़ों में अलग ही जादू है।
चोपता 3
2
/
यहां हर वक्त चलती ठंडी-ठंडी हवाएं, मिटटी की वह मनमोहक खुशबु,घने जंगल हमें दूसरी ही दुनिया में ले जायेंगे। चोपता उत्तराखंड के आकर्षक हिल स्टेशनों में से एक है। ये जगह उत्तराखंड में उखीमठ के रास्ते पर गढ़वाल क्षेत्र में बसी हुई है। रास्ते में चलती हवाएं और वादियां आपकी आंखों को बेहद सुकून देती हैं।
चोपता 4
3
/
हिमालय पर्वत की तलहटी पर बसे, इस छोटे से हिल स्टेशन को 'छोटा स्विट्ज़रलैंड' भी कहा जाता है। कम भीड़-भाड़ पसंद वालों के लिए चोपता किसी जन्नत से कम नहीं। यहाँ का प्राचीन पर्यावरण ट्रेकर्स और पर्यटकों दोनों को ही एक अलग और सुखद अनुभव का एहसास करता है। यहाँ का चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक मार्ग, काफी लोकप्रिय है।
चोपता 5
4
/
चोपता अपने आप में एक अलग और सुखद अहसास है। खास बात ये है कि बर्फबारी के दौरान भी यहां सैलानियों के लिए टैंट हाउस लगे हैं। आप जाकर यहां रह सकते हैं और प्रकृति के बीच आनंद उठा सकते हैं। यकीन मानिए आप इस जगह को जिंदगी में कभी भी नहीं भूल पाएंगे। आइए और धरती पर बसे इस स्वर्ग को महसूस कीजिए।