पहाड़ के प्रज्वल नेगी की बॉलीवुड में धांसू एंट्री, इस फिल्म में संजू बाबा के साथ मचाएंगे धूम
Apr 27 2018 12:43PM, Writer:आदिशा
उत्तराखंड के युवा चेहरे लगातार आगे बढ़ते जा रहे हैं। वो हर क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। खेल का क्षेत्र हो, पढ़ाई का क्षेत्र हो या फिर कला का क्षेत्र हो, हर जगह उत्तराखंड का नाम आपको जरूर मिलेगा। इन्हीं युवाओं में से एक हैं प्रज्वल नेगी। प्रज्वल नेगी मूल रूप से कोटद्वार के रहने वाले हैं। देहरादून से पढ़ाई लिखाई पूरी करने के बाद प्रज्वल ने बॉलीवुड में कुछ नाम कमाने की सोची। कहते हैं कि अगर आप लगातार मेहनत कर रहे हैं, तो राह में आने वाली हर बाधा छोटी नजर आती है। प्रज्वल नेगी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। वो लगातार खुद की एक्टिंग स्किल्स को निखारने में लगे रहे। अब प्रज्वल नेगी की सबसे बड़ी सफलता है कि वो फिल्म तोड़बाज़ में संजय दत्त के अपोजिट रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम है ‘’तोड़बाज़’’।
यह भी पढें - उत्तराखंड की इस स्टार को मिला 'टेलीविज़न की लीडिंग लेडी 2018' का खिताब
तोड़बाज़ फिल्म की शूटिंग किर्गिस्तान में हो रही है। इसके अलावा इस फिल्म की शूटिंग रूस में हो रही है। फिल्म की कहानी भी रोमांच से भरपूर है। ये पूरी फिल्म ह्यूमन सुसाइड बॉम्बर पर आधारित है। प्रज्वल का कहना है कि इस में वो संजय दत्त के अपोजिट काम कर रहे हैं। फिल्म का क्लाइमेक्स काफी रोमांचित होगा। इस फिल्म में संजय दत्त और प्रज्वल नेगी के साथ नरगिस फ़ाख़री और सूरज पंचोली भी होंगे। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के बाद प्रज्वल करण जौहर की एक फिल्म में काम करेंगे। हालांकि इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। फिल्हाल प्रज्वल मुंबई में रहते हैं। उन्होंने देहरादून के सेंट थॉमस स्कूल से पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने डीएवी पीजी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। अब प्रज्वल मुंबई में पृथ्वी थिएटर से जुड़े हैं।
यह भी पढें - उत्तराखंड की उर्वशी रौतेला का जलवा, अब अमिताभ बच्चन के साथ करेंगी फिल्म
प्रज्वल नेगी के पिता हरि सिंह नेगी 15 साल पहले कोटद्वार से देहरादून शिफ्ट हो गए थे। देहरादून में ही उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया। प्रज्वल की मां का नाम सारिका नेगी है। आपको ये भी बता देना चाहते हैं कि प्रज्वल की बहन तान्या नेगी 2011 में मिस उत्तराखंड बनीं थीं। अब प्रज्वल की जिंदगी का ये पहला मौका है, जब वो बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। इससे पहले प्रज्वल मुंबई में पृथ्वी थिएटर में कुछ नाटकों में हिस्सा ले चुके हैं। अब वक्त आ गया है कि दुनिया के सामने प्रज्वल अपनी अदाकारी के हुनर को दिखाएंगे। प्रज्वल की इस उपलब्धि पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। आज उत्तराखंड के कई सितारे ऐसे हैं, जो बॉलीवुड में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रज्वल को राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं।