उत्तराखंड की टीम मैच हारी लेकिन दिल जीता, रोमांचक मुकाबले में जीता अफगानिस्तान
May 25 2018 11:48AM, Writer:कपिल
उत्तराखंड की टीम के लिए ये एक शुरुआत है लेकिन शुरुआत बेहतरीन है। रायपुर के इंटरनेशनल स्टेडियम में अफगानिस्तान और उत्तराखंड की टीमों के बीच प्रैक्टिस मैच खेला गया। दूसरा अभ्यास मैच काफी रोमांचक रहा। एक बार के लिए तो लगा कि उत्तराखंड की टीम ये मुकाबला जीत लेगी, लेकिन आखिर के ओवर्स में अफगानिस्तान की टीम ने बाज़ी मार ली। एक तरफ इंटरनेशनल टीम और दूसरी तरफ स्टेट लेवल की टीम। इस मैच को अफगानिस्तान की टीम ने भले ही 27 रनों से जीत लिया लेकिन उत्तराखंड की टीम भी आने वाले वक्त के लिए कुछ उम्मीदें जगा गईं। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। अफगानिस्तान की टीम के टीम ओपनर उस्मान घनी ने 41 गेंदों पर 54 रन बनाए।
यह भी पढें - देहरादून स्टेडियम में पहले टी-20 मैच की टिकट के रेट तय, सबसे सस्ता टिकट 500 का !
इसके अलावा अफगानिस्तान की ही टीम के नजीब जॉर्डन ने 32 गेंदों पर 53 रन की तेज पारी खेली। पारी के आखिरी ओवर्स में दरवेश रसूल ने 16 गेंदों पर 27 रन बनाए तो गुलबदिन नायब ने 11 गेंदों पर 20 रन बनाए। हालांकि अफगानिस्तान को बड़ा झटका तब लगा जब धाकड़ बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद को पवन सुयाल ने 17 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। नजीब जॉर्डन को वैभव पंवार ने पैवेलियन के लिए चलता किया। इसके अलावा उत्तराखंड के लिए सनी राणा,धनराज शर्मा और वैभव पंवार ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में उत्तराखंड की टीम बल्लेबाजी करने आई, तो करनवीर ने एक बार फिर से निराश कर दिया। हालांकि इसके बाद कुणाल चंदेला ने 38 गेंदों में 47 रनों की तेज़ पारी खेली। दूसरे छोर पर उत्तराखंड के शुभम पुंडीर डटे रहे और 48 रनों की पारी खेली।
यह भी पढें - पहाड़ के अनुज रावत बने अंडर-19 टीम के कप्तान...जलवा धोनी जैसा, कोच कोहली जैसा
उत्तराखंड के बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप की। इस दौरान ऐसा लगने लगा था कि उत्तराखंड की टीम ये मुकाबला जीत जाएगी। लेकिन ईसी बीच कुणाल और शुभम पैवेलियन के लिए चलते बने। हालांकि मध्यक्रम में खेलने आए भानु प्रताप ने 18 गेंदों में तेजी से 28 रन बटोरे। 20 ओवर में उत्तराखंड की टीम सिर्फ 167 रन ही बना सकी। इस बीच मैच देखने के लिए उत्तराखंड के अलग अलग हिस्सों से कई क्रिकेट फैंस यहां पहुंचे थे। दर्शकों ने अफगानिस्तान की टीम के खिलाडिय़ों के साथ जमकर सेल्फी भी खिंचवाई। अफगान खिलाडिय़ों ने मैदान से निकलकर लोगों के साथ फोटो खिंचवाए। तीन जून से अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच देहरादून में क्रिकेट सीरीज शुरू होने जा रही है। इस सीरीज के टिकट ऑनलाइन मिलेंगे।