image: Second t20 match in dehradun cricket stadium

देहरादून स्टेडियम में दूसरा टी-20 मुकाबला, उत्तराखंड मे बनेंगे क्रिकेट के दो बड़े रिकॉर्ड

Jun 5 2018 4:54PM, Writer:कपिल

एक बार फिर से रोमांच के लिए देहरादून तैयार है। देहरादून क्रिकेट स्टेडियम में आज बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी-20 मैच खेला जाना है। तीन मैचों की इस सीरीज में अफगानिस्तान की टीम 1-0 से आगे चल रही है। ऐसे में बांग्लादेश को हर हाल में आज जीत हासिल करनी होगी। इसके साथ ही इस मैच में आज दो बड़े रिकॉर्ड बनने जा रहे हैं। इससे पहले रविवार को खेले गए मुकाबले में ही एक बड़ा रिकॉर्ड उत्तराखंड के नाम दर्ज हो गया था। इंटरनेशनल ट्वेंटी-20 सीरीज को होस्ट करने वाला देहरादून स्टेडियम अब भारत का 21 वां वेन्यू बन गया। अब बात करते हैं आज के रिकॉर्ड की। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन अगर इस मैच में एक विकेट लेते हैं, तो वो पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी और साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस की बराबरी कर लेंगे।

यह भी पढें - देहरादून क्रिकेट स्टेडियम को ICC ने कहा 'वर्ल्ड क्लास', इंटरनेशनल स्टेडियम की मान्यता मिली
एक विकेट लेते ही शाकिब अल हसन दुनिया के तीसरे ऐसे ऑलराउंडर बन जाएंगे, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फार्मेट में कुल 500 विकेट और 10 हजार रन बनाए हैं। शाकिब अब तक 300 मैच खेल चुके हैं। अफरीदी ने 524 मैचों में 521 विकेट अपने नाम किए हैं तो कैलिस ने 519 मैच में 577 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा इस मैच में एक और रिकॉर्ड बनेगा। अफगानिस्तान की टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी अगर इस मैच में 69 रन की पारी खेल लेते हैं तो वो दुनिया के पांचवें ऐसे आलराउंडर होंगे, जिन्होंने ट्वेंटी-20 फार्मेट में 50 से ज्यादा विकेट लिए हैं और 1 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। मोहम्मद नबी से पहले शाकिब अल हसन, शाहिद अफरीदी, डेवन ब्रेवो और थेसेरा परेरा ये कारनामा कर चुके हैं। देहरादून स्टेडियम में हुए पहले ही मैच में ही अफगानिस्तान के राशिद खान इतिहास रच चुके हैं।

यह भी पढें - उत्तराखंड के पहले I-T20 में राशिद के सामने ढेर हुआ बांग्लादेश, CM त्रिवेन्द्र बने गवाह
पहले मैच में राशिद खान ने 3 ओवर्स में सिर्फ 13 रन दिए और 3 विकेट अपने नाम किए थे। ऐसे में बांग्लादेश की टीम को आज संभलकर खेलना होगा। देहरादून क्रिकेट स्टेडियम को अफगानिस्तान ने अपना होम ग्राउंड बनाया है। अफगानिस्तान की टीम 18 मई को ही देहरादून पहुंच गई थी। मैदान पर खूब पसीना बहाने के बाद अफगानिस्तान की टीम यहां की पिच कंडीशंस को अच्छी तरह से समझ चुकी है। खास बात ये है कि उत्तराखंड के नामं भी ये एक बड़ी उपलब्धि है। उत्तराखंड में पहली बार कोई इंटरनेशनल क्रिकेट सीरीज हो रही है। इस मैच को लेकर भी उत्साह देखते बन रहा है। हर कोई यहां आकर स्टेडियम की खूबसूरती का कायल हो रहा है। आज देखना है कि बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच होने वाली टक्कर का रिजल्ट क्या आता है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home