देहरादून स्टेडियम में रोमांच का 20-20, पहली सीरीज के दूसरे मैच में भी बने धांसू रिकॉर्ड्स
Jun 6 2018 2:28AM, Writer:मीत
उत्तराखंड में पहली बार कोई इंटरनेशनल टी-20 सीरीज हुई है। इस सीरीज को वर्ल्ड क्रिकेट के बड़े उलटफेर वाली सीरीज कहा जाए तो गलत नहीं होगा। अफगानिस्तान की टीम ने गजब का खेल दिखाया। ये पहली बार है कि अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को किसी सीरीज में पीछे छोड़ दिया है। ये कारनामा अफगानिस्तान ने उत्तराखंड में कर दिखाया। अपने क्रिकेटिंग करियर में अफगानिस्तान को इतनी बड़ी सीरीज जीत कभी नहीं मिली। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम जिम्बाब्वे जैसी टीमों के खिलाफ ही सीरीज जीत पाई थी। लेकिन इस बार बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी-20 में 6 विकेट से जीत हासिल कर अपने लिए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही रिकॉर्ड बुक में उत्तराखंड के दून स्टेडियम का नाम भी स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। आपको बताते हैं कि ये मैच कैसे रोमांचक साबित हुआ।
यह भी पढें - देहरादून क्रिकेट स्टेडियम को ICC ने कहा 'वर्ल्ड क्लास', इंटरनेशनल स्टेडियम की मान्यता मिली
बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। तमीम इकबाल के 43 रन और मुश्फिकर रहीम के 22 रनों को छोड़ दिया जाए तो कोई भी बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा पाया। अफगानिस्तान की टीम की तरफ से राशिद खान एक बार फिर चमके। इस मैच में राशिद खान ने 4 ओवर फेंके और सिर्फ 12 रन खर्च किए। ये ही नहीं 4 विकेट लेकर राशिद खान ने विरोधी टीम के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। बांग्लादेश की टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 134 रन ही बना पाई। जवाब में खेलने आई अफगानिस्तान की टीम के चार बल्लेबाजों ने बांग्लादेशी गेंदबाजों लाइन लेंथ बिगाड़ दी। शेनवारी ने 49 रन बनाए, तो मोहम्मद नबी 31 रन बनाकर नॉट आउट रहे। मोहम्मद शहजाद और उस्मान गनी ने भी 24 और 21 रनों की पारी खेली। 18.5 ओवर्स में अफगानिस्तान ने ये मैच अपने नाम कर दिया।
यह भी पढें - IPL2018 में रहा उत्तराखंडियों का जलवा, 2 पहाड़ी खिलाडियों ने बना डाले ये 5 रिकार्ड
इसके साथ ही अफगानिस्तान ने 3 टी-20 मैचों की सीरीज पर कब्जा कर लिया है। 2-0 से अजेय बढ़त बनाकर अफगानिस्तान की टीम ने अब तक के करियर में किसी बड़ी टीम के खिलाफ पहली टी-20 सीरीज अपने नाम की है। उत्तराखंड के दून स्टेडियम में अफगानिस्तान को ऐसी जीत मिली है, तो इसी के साथ उत्तराखंड का देहरादून स्टेडियम दुनिया का पहला ऐसा स्टेडियम बन गया है, जहां से अफगानिस्तान की स्वर्णिम जीत की शुरुआत हुई है। अफगानिस्तान की टीम ने इससे पहले भी टी-20 सीरीज खेली हैं लेकिन वो मुकाबले ओमान और जिम्बाब्वे जैसी टीमों के खिलाफ हुए थे। वेस्टइंडीज, भारत, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ ये टीम कोई भी सीरीद नहीं जीती है। अब बांग्लादेश जैसी बड़े दर्जे की टीम को हराकर अफगानिस्तान की टीम के हौसले बुलंद हैं।