देहरादून में 50 हजार लोगों के साथ योग करेंगे PM मोदी, त्रिवेंद्र सरकार की हाईटेक तैयारियां
Jun 17 2018 1:39PM, Writer:कपिल
ये बात तो आप अच्छी तरह से जानते होंगे कि उत्तराखंड को इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए चुना गया है। देहरादून के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में ये कार्यक्रम होना है और इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। अब त्रिवेंद्र सरकार ने तय कर दिया है कि इस कार्यक्रम के दौरान बारिश भी हुई तो किसी भी सूरत में कार्यक्रम नहीं टलेगा। त्रिवेंद्र सरकार के मुताबिक बारिश होने से दिक्कतें नहीं आएंगी बल्कि कार्यक्रम का रोमांच और भी बढ़ जाएगा। हालांकि इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर दी गई हैं। 50 हजार से ज्यादा लोगों की व्यवस्था करनी है और बरसात को देखते हुए सभी के लिए योग मैट के साथ ही शू बैग और वाटर प्रूफ मोबाइल पाउच की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 21 जून के दिन सुबह 5 बजे के बाद किसी को भी फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में एंट्री नहीं दी जाएगी।
यह भी पढें - पहाड़ में अपने गांव लौटेंगे जनरल बिपिन रावत, यहीं बना रहे हैं घर
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। इस समिति ने योग दिवस पर होने वाले आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। कार्यक्रम स्थल में कूड़े के तत्काल निस्तारण के लिए कंपेक्टर मशीन लगाई जाएगी। साफ सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा का पूरा पूरा ध्यान रखा गया है। 18 जून और 19 जून के कार्यक्रम स्थल पर रिहर्सल की जानी है। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए करीब 1 हजार बसें परेड ग्राउंड में रहेंगी। परेड ग्राउंड से हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य जगहों तक लाने ले जाने के लिए इन बसों का इस्तेमाल होगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरकारी की तरफ से पूरी तैयारियां हो रही हैं।
यह भी पढें - पहाड़ में देश का पहला IPS ऑफिसर, 11 हजार फीट की ऊंचाई पर पूरा किया फिटनेस चैलेंज
शनिवार को योग के प्रति जागरूकता के मद्देनजर त्रिवेंद्र कैबिनेट ने दौड़ भी लगाई। गांधी पार्क से 'वॉक फॉर योग' कार्यक्रम शुरू किया गया। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की अगुवाई में त्रिवेंद्र कैबिनेट ने आधा सफर चल कर और आधा सफर दौड़कर पूरा किया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ ही कैबिनेट मंत्री मदन सिंह कौशिक, प्रकाश पंत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल और राज्यमंत्री रेखा आर्य गांधी पार्क पहुंचे। गांधी पार्क से सभी प्रतिभागी घंटाघर, पल्टन बाजार और तहसील चौक होते हुए दीनदयाल पार्क तक पहुंचे। त्रिवेंद्र सरकार का कहना है कि बारिश भी इस कार्यक्रम में रुकावट नहीं डालेगी। अगर बारिश होती है तो वर्षा योग के लिए भी त्रिवेंद्र सरकार तैयार है। अब इंतजार 21 जून का है और देखना है कि मौसम किस तरह से साथ देता है।