बधाई: श्रीलंका की धरती पर उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा, टीम इंडिया को दिलाई जीत
Jul 31 2018 4:41PM, Writer:ईशान
उत्तराखंड के खिलाडियों की बात ही कुछ और है। बार-बार उत्तराखंड के खिलाडी ये बात साबित करते आये हैं कि यदि उन्हें एक अच्छा प्लेटफार्म मिल जाये तो उनका कोई सानी नहीं है। भारत की अंडर 19 क्रिकेट टीम श्रीलंका से 5 एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेल रही है। इस वन डे सीरीज के पहले क्रिकेट मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 6 विकेटो से हरा दिया। ख़ास बात ये रही कि इंडियन क्रिकेट टीम की इस जीत में उत्तराखंड के तीनों खिलाडियों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड के आर्यन जुयाल, अनुज रावत और आयुष बड़ोनी ने श्रीलंका पर पहले वन डे मैच में मुख्य भूमिका निभायी। आर्यन जुयाल इंडियन टीम के विकेट कीपर और कप्तान हैं, उन्होंने विकेट के पीछे 3 कैच पकडे और 1 स्टंपिंग की। आर्यन ने अच्छी कप्तानी तो की ही साथ ही बल्लेबाजी में भी उपयोगी 20 रन बनाये। उत्तराखंड के ही अनुज रावत ने शानदार पारी खेली और अर्धशतक जड़ा। रही सही कसर आयुष की फिरकी ने पूरी की।

श्रीलंका की क्रिकेट टीम को आयुष बडोनी ने अपनी फिरकी पर नचा दिया और 9 ओवर में 37 रन देते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाये। इससे पहले श्रीलंका के कप्तान निपुर धनंजय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। लेकिन भारतीय गेंदबाजी ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। श्रीलंका की कप्तान समेत आधी टीम 68 रन के स्कोर पर पवेलियन में बैठ चुकी थी। श्रीलंका टीम ने 38.4 ओवरों में कुल 143 रन बनाये, इसमें उत्तराखंड (टिहरी) के आयुष बडोनी 2 बड़े विकेट लिये।

भारतीय बल्लेबाजी आने पर उत्तराखंड (रामनगर) के अनुज रावत ने उत्तराखंड (हल्द्वानी) के आर्यन जुयाल के साथ मिलकर पारी का स्कोर तेजी से 93 रन कर दिया। आर्यन 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हुए। आर्यन के आउट होने के बाद अनुज भी 50 रन बनाकर आउट हुए।

अब जीत का फासला कम रह गया था, जिसे भारतीय क्रिकेट टीम ने 6 विकेटों से जीतकर आसानी से प्राप्त कर दिया। भारतीय टीम की इस जीत में उत्तराखंड के तीनों खिलाडियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से उम्मीदें और बढ़ा दी हैं और ये भी साबित कर दिया है कि उत्तराखंड के खिलाडियों का वर्ल्ड क्रिकेट में कोई सानी नहीं।