उत्तराखंड की पहली रणजी टीम का कप्तान बनेगा ये क्रिकेटर! जल्द हो सकता है ऐलान
Aug 22 2018 3:25PM, Writer:कपिल
इस वक्त देशभर की नज़रें उत्तराखंड क्रिकेट पर टिकी हैं। वजह ये है कि उत्तराखंड की पहली रणजी टीम तैयार हो रही है। क्रिकेट के इतिहास में पहली बार होगा कि उत्तराखंड की टीम रणजी क्रिकेट से अपने नए क्रिकेट युग की शुरुआत करेगी। रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, कूच बिहार ट्रॉफी और सैय्यद मुश्ताक ट्रॉफी के लिए BCCI द्वारा लिस्ट भी जारी कर दी गई है। उत्तराखंड के देहरादून स्टेडियम में इस बार आपको फर्स्ट क्लास क्रिकेट के कई मैच देखने को मिलेंगे। इस बीच नज़रें टिकी हैं उत्तराखंड की टीम के कप्तान पर। बताया जा रहा है कि इस उत्तराखंड की पहली रणजी क्रिकेट टीम की कप्तानी रजत भाटिया को मिल सकती है। रजत भाटिया इस वक्त आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं।
यह भी पढें - उत्तराखंड की क्रिकेट टीम का पहला मैच बिहार से, BCCI ने जारी किया रणजी ट्रॉफी शेड्यूल
खास बात ये है कि रजत भाटिया वो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दिल्ली की टीम को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। दरअसल उत्तराखंड राज्य संचालन समिति ने रजत भाटिया के साथ साथ तीन पेशेवर खिलाड़ियों को रणजी टीम में शामिल करने का फैसला किया है। अनुभव और प्रदर्शन पर गौर करें तो रजत भाटिया का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है। लेकिन यहां सवाल ये भी उठता है कि इस वक्त उत्तराखंड के भी कई खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। क्या उनके बारे में सोचा नहीं गया या उन्होंने ही आने से मना कर दिया ? फिलहाल इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। रजत भाटिया ने साल 2000 में तमिलनाडु की ओर से खेलते हुए अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की शुरूआत की थी।
यह भी पढें - Video: पावरफुल पहाड़ी..ऋषभ पंत का पहले ही टेस्ट में बड़ा धमाका, धोनी की याद दिला दी
इसी साल रजत भाटिया ने सिंघली स्पोर्ट्स क्लब और कोलंबो के खिलाफ यादगार पारियां खेली। साल 2007-08 में रजत भाटिया ने दिल्ली की टीम को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उस दौरान रजत ने 512 रन बनाए थे और सात विकेट भी चटकाए थे। इसके अलावा रजत आईपीएल में भी अपना जलवा दिखा चुके हैं। वो दिल्ली डेयर डेविल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे सुपरजाइंट्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। रजत भाटिया ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4000 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके अलावा वो अब तक 96 विकेट ले चुके हैं। रजत भाटिया दिल्ली के रहने वाले हैं। उनके अलावा राजस्थान के विनीत सक्सेना और तमिलनाडु के मलोलन रंगराजन का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।