उत्तराखंड की नैनी-दून जनशताब्दी का वक्त बदलेगा, रविवार को भी ट्रेन चलाने के आदेश!
Aug 30 2018 6:57PM, Writer:कपिल
27 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन ही उत्तराखंड को नैनी-दून जनशताब्दी एक्सप्रेस के रूप में बड़ा तोहफा मिला था। लेकिन इस ट्रेन की टाइमिंग को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए। नैनी-दून एक्सप्रेस फिलहाल काठगोदाम से सुबह 6.05 बजे चलती है और 12.35 पर देहरादून पहुंचती है। फिर शाम को ये ट्रेन देहरादून से 4.10 बजे काठगोदाम के लिए चलती है और रात 11 बजे वहां पहुंचती है। ऐसे में राजधानी से हाईकोर्ट का सफर तय करने वालों को परेशानी हो रही थी। अब हाईकोर्ट ने एक याचिका पर इस मामले का संज्ञान लिया है। हाई कोर्ट ने रेलवे को काठगोदाम से देहरादून चलने वाली इस ट्रेन की समय सारणी बदलने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने कहा है कि ये ट्रेन देहरादून से काठगोदाम के लिए सुबह 5 बजे चलेगी और काठगोदाम से देहरादून के लिए शाम 5 बजे चलेगी।
यह भी पढें - उत्तराखंड के अनिल बलूनी की जिद का नतीजा, सज-धजकर चल पड़ी नैनी-दून शताब्दी एक्सप्रेस
इस तरह से हाईकोर्ट में काम पड़ने पर लोग एक ही दिन में देहरादून से काठगोदाम और काठगोदाम से देहरादून वापस आ सकेंगे। खास बात ये भी है कि इस ट्रेन को रविवार को भी चलाने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल रविवार को ये ट्रेन नहीं चलती। दरअसल वकील पंकज मिगलानी ने हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कुछ और भी बड़ी बातें बताई हैं। कोर्ट ने साफ तौर पर कहा है कि नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस का वक्त बदला जाए और इसके साथ ही इस ट्रेन को रविवार को भी चलाया जाए। कोर्ट ने आदेश दिया कि प्लेटफॉर्मों को स्वच्छ रखा याए। यात्रा के दौरान यात्रियों को साफ खाना दिया जाए। ट्रेन के कोचों की हरदिन सफाई की जाए। इस मामले में कोर्ट ने रेलवे को जवाब पेश करने के लिए कहा है।