उत्तराखंड के लिए गौरवशाली पल, पुलिस अफसर कमलेश भट्ट को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री पदक
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट को उत्तराखंड पुलिस की शान कहा जाता है। वो 9 बार पुलिसमैन ऑफ द मंथ चुने गए। प्रदेश स्तरीय पुलिस वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी 5 बार चैंपियन रहे। जानिए उनके बारे में सब कुछ
Aug 14 2020 7:54PM, Writer:Komal Negi
उत्तराखंड के लिए एक गौरव बढ़ाने वाली खबर ऊधमसिंहनगर जिले से आ रही है। यहां नानकमत्ता में थानाध्यक्ष के तौर पर सेवाएं दे रहे कमलेश भट्ट का चयन केंद्रीय गृहमंत्री पदक के लिए हुआ है। 21 अगस्त को उन्हें दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री पदक से नवाजा जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह विशेष कार्यक्रम में थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट को केंद्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित करेंगे। चलिए अब आपको थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के बारे में बताते हैं। कमलेश भट्ट को उत्तराखंड पुलिस की शान कहा जाता है। वो 9 बार पुलिसमैन ऑफ द मंथ चुने गए। प्रदेश स्तरीय पुलिस वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी कमलेश भट्ट खूब छाए रहे। वो इस प्रतियोगिता में लगातार पांच बार चैंपियन रहे हैं। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट उत्तराखंड के एकमात्र अफसर हैं, जिनका चयन केंद्रीय गृहमंत्री पदक के लिए हुआ है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी कमलेश भट्ट अपनी कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध रहे हैं। वो साल 2002 में कांस्टेबल के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। साल 2007-08 में वो हेड कांस्टेबल बने और 2007-10 में उन्हें सब इंस्पेक्टर पद की जिम्मेदारी मिली। सब इंस्पेक्टर के तौर पर उनकी पहली पोस्टिंग रामनगर में हुई। साल 2013 में उन्होंने पीरूमदारा चौकी इंचार्ज रहते हुए 900 ग्राम स्मैक और 2 लाख की नकदी के साथ एक तस्कर को पकड़ा था। आगे भी पढ़िए
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: खेत गई महिला पर खूंखार भालू ने किया हमला, हालत बेहद गंभीर
साल 2016 में वो बाजपुर कोतवाली में तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने पुष्पा हत्याकांड का खुलासा किया। इस केस का खुलासा करने के लिए उनका नाम पुरस्कार के लिए भेजा गया था। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट मूलरूप से अल्मोड़ा के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक अक्टूबर 1980 को ग्राम भावू, तहसील जैंती, जिला अल्मोड़ा में हुआ। परिवार में पिता मधुसूदन भट्ट और मां जानकी हैं। उनका एक भाई इंजीनियर है, जबकि दूसरा भाई नैनीताल के एसबीआई में शाखा प्रबंधक के तौर पर सेवारत है। 14 जुलाई 2019 को उन्होंने नानकमत्ता के थानाध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाला। तब से वो क्षेत्र में नशे और अपराध के खिलाफ अभियान छेड़े हुए हैं। नानकमत्ता का चार्ज संभालने के कुछ ही दिन बाद उन्होंने हिस्ट्रीशीटर बदमाश गुरबाज सिंह उर्फ माडू को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा था। इस दौरान वो घायल भी हो गए थे। उन्होंने नानकमत्ता क्षेत्र में कई स्मैक तस्कर गिरफ्तार किए, जिसके लिए उनके काम को पूरे प्रदेश में सराहा गया। अब थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट को केन्द्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। राज्य समीक्षा टीम की तरफ से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं। आप भी उन्हें बधाई दें।