image: 7 day old girl found near drain in Dehradun

देहरादून से शर्मनाक खबर..नाले के पास मिली 7 दिन की बच्ची, दुआ कीजिए वो सलामत रहे

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में 7 दिन की मासूम बच्ची क्रूरता का शिकार हुई है। बीते शुक्रवार को देहरादून के नेहरू कॉलोनी में लोगों को मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली।
Sep 5 2020 11:01PM, Writer:Komal Negi

उत्तराखंड के देहरादून में इंसानियत शर्मसार हुई है। देहरादून से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक नन्ही सी जान क्रूरता और असंवेदनशीलता का शिकार हुई है। बीते शुक्रवार को देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में नाले के पास हड़कंप मच गया। वजह थी 7 दिन नवजात बच्ची का नाले के पास लावारिस हालत में मिलना। मासूम के आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। इससे यह तो साफ है कि बच्ची को कोई जानबूझकर वहां पर छोड़ कर गया था। फिलहाल बच्ची और उसको लावारिस छोड़ के जाने वालों की पहचान नहीं की जा सकी है। स्थानीय लोगों ने जैसे ही बच्ची को लावारिस हालत में देखा उन्होंने तुरंत ही इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस द्वारा नवजात बच्ची को कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर मासूम की हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में कम्युनिटी स्प्रेड की ओर कोरोना वायरस, सांसद का सरकार पर निशाना
पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है और आसपास के इलाकों में सभी सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बच्ची को वहां पर रखने वालों की तलाश शुरू कर दी है। चलिए अब आपको पूरे मामले से अवगत कराते हैं। घटना बीते शुक्रवार कि सुबह की है। देहरादून जिले के साकेत कॉलोनी नाले के पास किसी ने झाड़ियों के पास से एक नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनी। इसके बाद वहां पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने देखा कि झाड़ियों के पास ही एक नन्ही सी नवजात बच्ची लावारिस बेहद बुरी हालत में रो रही है। लोगों ने समझदारी दिखाते हुए बिना देरी किए पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस मौके पर ही घटनास्थल पर पहुंची। नेहरू कॉलोनी के इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं के मुताबिक पुलिस के पहुंचते ही नवजात बच्ची को तत्काल रुप से कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: यमुनोत्री धाम तक बनेगा रोप-वे, काम शुरू करने के लिए मिला ग्रीन सिग्नल
डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची 1 सप्ताह के भीतर ही जन्मी है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। इसी के साथ पुलिस द्वारा इस मामले की खोजबीन भी चल रही है। इंस्पेक्टर गोसाईं के मुताबिक आसपास के इलाकों के नर्सिंग होम में जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के डेटा की भी मदद ली जा रही है। इसी के साथ पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी चेक कर रही है ताकि लावारिस बच्ची के परिजनों का जल्द से जल्द पता लग पाए। सवाल ये ही है कि आखिर देहरादून को ये किसकी नज़र लग गई है? पहले इस तरह की खबरें सामने नहीं आती थीं लेकिन अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जिनसे हर किसी का सिर शर्म से झुक जाए।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home