उत्तराखंड: अपनी कार में नेमप्लेट लगाने वाले अब हो जाएं सावधान, पुलिस करेगी बड़ी कार्रवाई
1 जनवरी 2021 से उत्तराखंड में कोई भी निजी वाहन पर अवैध नेमप्लेट लगाकर घूमता नजर आया तो उसकी खैर नहीं।
Dec 21 2020 2:05PM, Writer:Komal Negi
अगला साल बस आने ही वाला है और इसी के साथ उत्तराखंड में पुलिस विभाग अब नए साल से राज्य में नियम और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की पूरी तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी बीच एक बड़ी खबर उत्तराखंड से सामने आ रही है। अब अगर उत्तराखंड में निजी वाहनों पर कोई भी नेम प्लेट लगा कर घूमता मिला तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। जी हां, पुलिस प्रशासन स्मार्ट पुलिस बनने के साथ ही राज्य में नियम और कानून को लेकर भी सख्त हो चली है। अब 1 जनवरी 2021 से उत्तराखंड में कोई भी निजी वाहन पर अवैध नेमप्लेट लगाकर घूमता नजर आया तो उसकी खैर नहीं। राज्य पुलिस ने यह फैसला लेते हुए सभी जिलों की पुलिस को 1 जनवरी 2021 से यह अभियान चलाने के निर्देश दे दिए हैं। अब अवैध नेम प्लेट लगाकर धौंस जमाने वालों की उत्तराखंड में खैर नहीं है। यातायात निदेशालय निजी वाहन चालकों के ऊपर शिकंज कसने की पूरी तैयारी कर रहा है और नए साल से निजी वाहनों पर अवैध नेम प्लेट और तेज रफ्तार वाले वाहन चालकों के ऊपर सख्त कार्यवाही की जाएगी। यातायात निदेशक केवल खुराना के अनुसार राज्य में सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने और यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात निदेशालय की ओर से समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - देहरादून पुलिस के इन जांबाजों को सलाम..कार पलटने पर भी बदमाशों को नहीं छोड़ा
उनका उद्देश्य राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना होता है। अब पुलिस विभाग द्वारा राज्य में 1 जनवरी से यह नियम लागू होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ निजी वाहनों में अनाधिकृत रूप से नेम प्लेट का उपयोग किया जाता है और अवैध नेम प्लेट का हद से ज्यादा उपयोग हो रहा है। अवैध नेमप्लेट का उपयोग कर वाहन चलाने वालों की आपराधिक घटनाओं में मौजूदगी दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों की जब जांच की गई तो उस में सामने आया की तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से दुर्घटना की संभावना अधिक बनी रहती है और ऐसी दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी जनपदों में मौजूद पुलिस को अब अवैध नेम प्लेट का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं और इसी के साथ तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी 1 जनवरी से अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी।