image: Jawan santosh Prasad painyuli died in road accident dehradun panditwaadi

गढ़वाल: छुट्टी पर घर आया था फौजी..कल ड्यूटी पर जाना था, आज भीषण हादसे में हुई मौत

सेना में कार्यरत संतोष इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे, उन्हें कल ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन शनिवार रात हुए हादसे में सब खत्म हो गया। अप्रैल में संतोष की शादी होने वाली थी।
Oct 31 2021 2:07PM, Writer:Komal Negi

दिवाली से ठीक पहले टिहरी के रहने वाले सेना के जवान के घर में मातम पसर गया। सेना के जवान की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद जवान के परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों के आंसू नहीं थम रहे। हादसे में जान गंवाने वाले जवान की पहचान संतोष प्रसाद पैन्यूली के रूप में हुई। टिहरी के रहने वाले संतोष प्रसाद इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। अप्रैल में संतोष की शादी तय थी। घर में हंसी-खुशी का माहौल था। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक संतोष को कल ही ड्यूटी पर वापस जाना था, लेकिन देहरादून में हुए एक हादसे में संतोष की जान चली गई। हादसे में संतोष के साथ एक अन्य युवक की भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

यह भी पढ़ें - देहरादून: विकासनगर सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, दो लोगों की हालत नाजुक
हादसा शनिवार देर रात हुआ। देहरादून में रांगड़ वाला तिराहा पंडितवाड़ी के पास देहरादून से विकासनगर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने प्रेमनगर की ओर से आने वाली बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार संतोष प्रसाद (30) निवासी घनसाली और अभिषेक भट्ट निवासी उत्तरकाशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि संतोष की शादी तय हो गई थी। अप्रैल में उसके सिर पर सेहरा सजना था, लेकिन किसे पता था कि परिवार की खुशियां इस तरह एक झटके में खत्म हो जाएंगी। संतोष के निधन के बाद गांव में मातम पसरा है। हादसे में डंपर चालक भी घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home