देहरादून से दिल्ली नहीं जा पा रही रोडवेज बसें, बाढ़ और किराए ने बढ़ाई यात्रियों की आफत
Dehradun Delhi Roadways Bus उत्तराखंड परिवहन विभाग को हो रहा है बड़ा नुकसान, सिंघु बॉर्डर से लौट रहीं दिल्ली की बसें, बाढ़ के डर से सफर नहीं कर रहे लोग
Jul 15 2023 4:16PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल
दिल्ली में यमुना नदी का स्तर बरसात से काफी अधिक बढ़ गया है। पुरानी दिल्ली पूरी तरह से बाढ़ में डूब गई है।
Dehradun Delhi Roadways Bus turning back from singhu
दिल्ली में आई बाढ़ का असर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों पर भी पड़ा है। यात्रियों की संख्या में तेजी से गिरावट हुई है। आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए चलने वाली बसों में गिने-चुने यात्री ही जा रहे हैं। बाढ़ के डर से लोग बसों में सफर करने से कतरा रहे हैं। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण रोडवेज के कई बस चालक दिल्ली जाने से बच रहे हैं, इस कारण यात्रियों को बसों का घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दिल्ली आईएसबीटी में उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रभारी रोहताश ने बताया कि कांवड़ यात्रा के कारण पहले से ही दिल्ली जाने वाली बसें प्रभावित हो रही थीं और अब दिल्ली आईएसबीटी में जलभराव होने के कारण करीब 150 बसें सिंघु बॉर्डर तक जाकर लौट रहीं हैं। आगे पढ़िए
Dehradun Delhi Roadways Fare Increase
इसके आगे बसों को प्रवेश की अनुमति नहीं है। दरअसल देहरादून के पर्वतीय, ग्रामीण और हरिद्वार, ऋषिकेश से दिल्ली के लिए रोज डेढ़ सौ बसें जाती हैं। इनमें प्रतिदिन 11 हजार लोग सफर करते हैं। पहले कांवड़ यात्रा के कारण बस सेवा प्रभावित रही और अब दिल्ली में बाढ़ के कारण यात्रियों की संख्या घटकर तीन से चार हजार रह गई है। कांवड़ यात्रा के कारण पहले ही दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें सहारनपुर, गंगोह, करनाल, पानीपत और सोनीपत होते चलाई जा रही हैं। इससे बसों को लंबा सफर तय करने के साथ ही अतिरिक्त ईंधन खर्च करना पड़ रहा है। इससे रोडवेज को 70 फीसदी तक नुकसान उठाना पड़ रहा है। और अब यात्रियों की कमी के कारण बस सेवा प्रभावित हो रही है।