Uttarakhand Weather: 5 जिलों में बारिश के आसार, मैदानों में खिलेगी चटख धूप
आज प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने से आसपास के इलाकों में भी मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
May 1 2024 1:18PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है।
Uttarakhand Weather Forecast 01 May
उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। चटख धूप खिलने से तपिश बढ़ गई है। हालांकि अगले दो दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मंगलवार को दून में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। इसके परिणामस्वरूप दोपहर में तपिश ने बेहाल किया। हालांकि कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराते रहे। मैदानों में अधिकतम व न्यूनतम पारा फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है। वहीं पहाड़ों में सुबह-शाम पारे में गिरावट से ठंड महसूस की जा रही है।
इन जिलों में आज बारिश की सम्भावना
प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। यहाँ तक कि 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर भी हल्की बर्फ़बारी होने की संभावना है। वहीं अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है। अगले कुछ दिनों में ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में इजाफा होने के आसार हैं।
बारिश से आग बुझाने में मिल रही मदद
केदारनाथ धाम में पिछले कई दिनों से हल्की बारिश हो रही है और ऊंचाई वाली पहाड़ियों पर बर्फबारी भी हो रही है। टिहरी में रात के समय हुई बारिश से जंगलों की आग को बुझाने में मदद हुई है, जबकि यमुनोत्री धाम सहित पूरी यमुना घाटी में रात भर आंधी तूफान के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। जंगलों में आग तेजी से फैल रही है, और मंगलवार को गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक एक दिन में रिकॉर्ड 68 जगह जंगलों में आग लगी है। वन्य जीव क्षेत्र में भी सात जगह आग लगी है, और वन विभाग के कर्मचारियों एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद से आग बुझाने का काम चल रहा है।
तापमान की स्थिति
मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 25.3 और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस था।