Uttarakhand: उत्तरकाशी से टिहरी लौट रहे थे दो युवक, गहरी खाई में जा गिरी बाइक.. मौके पर ही दर्दनाक मौत
मौत की खबर सुनकर दोनों दोनों युवकों के परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि ये दोनों युवक बाइक से अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए उत्तरकाशी गए हुए थे..
Aug 26 2025 6:50PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
दीनगांव–मुखेम मोटर मार्ग पर आज मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में बाइक सवार दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। बताया जा रहा है कि ये दोनों उत्तरकाशी से लौट रहे थे।
Two youth died as bike falls into deep ditch
जानकारी के अनुसार टिहरी गढ़वाल जिले के निवासी दो युवक मंगलवार को यानि आज उत्तरकाशी से लौट रहे थे। उसी दौरान दीनगांव–मुखेम मोटर मार्ग पर ओनालगांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित गहरी खाई में जा गिरी। ओनालगांव निवासी सुरेश सिंह ने घटना की सूचना तुरंत लंबगांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ लंबगांव थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया।
आधार कार्ड बनवाने गए थे उत्तरकाशी
पुलिस के अनुसार मृतक युवकों में एक की पहचान 19 वर्षीय बालकृष्ण राणा, पुत्र गोविंद सिंह राणा, निवासी ग्राम मुखमालगांव पट्टी उपली रमौली की रूप में हुई। वहीं दूसरे युवक की पहचान 17 वर्षीय विपिन पोखरियाल, पुत्र अजय पोखरियाल, निवासी ग्राम पोखरी पट्टी उपली रमौली टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। बालकृष्ण राणा और विपिन पोखरियाल की मौत की खबर सुनकर दोनों के परिजनों में शोक की लहर छा गई है। इस हादसे के बाद से दोनों युवकों के परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि ये दोनों युवक बाइक से अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए उत्तरकाशी गए हुए थे, और हादसे के दौरान वहीं से लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे के लेकर पंचनामा दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।