उत्तराखंड: सेना वर्दी में कैंट एरिया में घूम रहा था बहरूपिया, आर्मी इंटेलिजेंस-पुलिस ने दबोचा
आर्मी इंटेलिजेंस से सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सीआईयू (CIU) रुड़की और एलआईयू (LIU) रूड़की की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सेना की वर्दी में घूम रहे संदिग्ध व्यक्ति को दबोचा..
Oct 9 2025 9:25PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
आर्मी इंटेलिजेंस और कोतवाली पुलिस ने मिलकर रुड़की में एमईएस (MES) गेट के पास एक फर्जी सैन्य कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि वो वो सेना की वर्दी का उपयोग कैंट एरिया में आसानी से प्रवेश करने और सूचनाएं प्राप्त करने के लिए करता था। पुलिस टिया द्वारा अब इस मामले में सघन जाँच की जा रही है।
Suspicious roaming in cantt area wearing military uniform arrested
जानकारी के अनुसार हरिद्वार SSP प्रमेन्द्र डोबाल ने अधिकारियों को पूरे जिले में संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए थे। एसएसपी के निर्देशानुसार रूड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसी दौरान आर्मी इंटेलिजेंस से पुलिस को सूचना मिली कि आर्मी एरिया में एक संदिग्ध व्यक्ति सेना की वर्दी पहनकर घूम रहा है। आर्मी इंटेलिजेंस से सूचना मिलते ही आर्मी इंटेलिजेंस, कोतवाली पुलिस, सीआईयू (CIU) रुड़की और एलआईयू (LIU) रूड़की की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर सहित कई चीजें बरामद
इन सभी टीमों ने संयुक्त रूप से मिलकर एमईएस (MES) गेट के पास से घेराबंदी करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। आरोपी की तलाशी करने पर पुलिस ने उसके पास से 18 डेबिट कार्ड, सेना की वर्दी, नेम प्लेट, आर्मी कार्ड और एक फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद किए। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर कोतवाली लेकर पहुंची।
राजस्थान का निवासी है आरोपी
जिसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ शुरू की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका नाम सुरेन्द्र कुमार पुत्र शिशराम है, उसने बताया कि वो राजस्थान के झुंझुनू जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम कोलसिया का निवासी है। आरोपी ने बताया कि वो सेना की वर्दी का उपयोग कैंट एरिया में आसानी से प्रवेश करने और सूचनाएं प्राप्त करने के लिए करता था। फिलहाल पुलिस टीम इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी सुरेन्द्र कुमार का असली उद्देश्य क्या था और वो सेना परिसर में कितने समय से आता-जाता रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है, अब पुलिस टीम द्वारा आरोपी के नेटवर्क और संपर्कों की जांच की जा रही है।