Rudraprayag: चोपता में विदेशी पर्यटकों के साथ होटल में मारपीट, संचालक पर लाखों रुपए लूटने के आरोप
चेक-आउट के दौरान होटल बिल के विवाद के चलते होमस्टे मालिक, गाइड और ट्रैवल एजेंट के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पर्यटकों ने होटल संचालक पर लाखों रुपए लूटने के आरोप लगाए हैं..
Oct 22 2025 1:04PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
पर्यटन स्थल चोपता में घूमने आए विदेशी पर्यटकों ने होटल मालिक और उसके स्टाफ पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाए हैं। सूत्रों के अनुसार इस होटल का संचालन किसी अन्य राज्य के व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। पर्यटकों द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है।
Foreign tourists assaulted in Chopta hotel
जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के पर्यटन स्थल चोपता में कुछ विदेशी पर्यटक पिछले चार दिनों से बंकर हाउस होमस्टे में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा कि चेक-आउट के दौरान होटल बिल के विवाद के चलते होमस्टे मालिक, गाइड और ट्रैवल एजेंट के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें विदेशी महिलाओं को हल्की चोटें आईं और पर्यटकों के वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए। उसके बाद पर्यटकों ने मंडल पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी।
लाखों रूपये लूटने का आरोप
पर्यटकों ने शिकायत में कहा कि होटल मालिक ने उनसे करीब 8 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान जबरन ले लिए। पर्यटकों ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। विदेशी नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है।
पर्यटन व्यवसाय के लिए खतरा
थाना अध्यक्ष उखीमठ, मुकेश चौहान ने बताया “यह विवाद एक गाइड और होमस्टे संचालक के बीच शुरू हुआ था, जो बाद में बढ़ गया। जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।” हिमालय की गोद में बसे इस खूबसूरत स्थल पर जहां हर साल हजारों देशी-विदेशी सैलानी पहुंचते हैं। यहां इस तरह की घटनाएं पर्यटन व्यवसाय के लिए एक बड़ा खतरा बन सकती हैं।