image: loading jeep hit 3 cars and a scooter parked outside a hotel

Uttarakhand News: मसूरी में लोडिंग जीप के हुए ब्रेकफेल, होटल के बाहर खड़ी कई गाड़ियों को मारी टक्कर

एक लोडिंग जीप निर्माण सामग्री लेकर साइट की ओर जा रही थी, अचानक जीप के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने हैंडब्रेक का सहारा लेकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन जीप अनियंत्रित होकर खड़ी कारों से टकरा गई।
Oct 29 2025 1:00PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

मसूरी में हनीमून होटल के पास पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर अचानक एक लोडिंग जीप अनियंत्रित होकर चढ़ गई। इस घटना में तीन कारें और एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के दौरान वाहनों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

loading jeep hit 3 cars and a scooter parked outside a hotel

स्थानीय लोगों के अनुसार, मसूरी में हनीमून होटल के सामने बीते कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार को एक लोडिंग जीप निर्माण सामग्री (सीमेंट, बजरी आदि) लेकर साइट की ओर जा रही थी। अचानक जीप के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने हैंडब्रेक का सहारा लेकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन जीप अनियंत्रित होकर सीधे होटल की पार्किंग में घुस गई और वहां खड़ी कारों से टकरा गई। इस जोरदार टक्कर से एक कार पूरी तरह से पिचक गई, जबकि अन्य दो कारों और एक स्कूटी को भी भारी नुकसान पहुंचा।

पर्यटकों के वाहनों को पहुंचा नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ये लोडिंग जीप इन गाड़ियों से नहीं टकराती तो वो सीधे गहरी ढलान की ओर बढ़कर माल रोड पर जा गिरती। माल रोड पर उस दौरान भारी भीड़ थी। इससे बड़ा जनहानि का खतरा उत्पन्न हो सकता था। जिन वाहनों को नुकसान पहुंचा, वे दिल्ली और हरियाणा से आए पर्यटकों की थीं। हादसे के दौरान कोई भी पर्यटक कार में सवार नहीं थे। एक पर्यटक ने बताया, “हम घूमने आए थे, तभी होटल स्टाफ ने सूचना दी कि आपकी कार को टक्कर लगी है। मौके पर आकर देखा तो पूरी गाड़ी दब चुकी थी। बीमा भी संभवतः क्लेम नहीं हो पाएगा, क्योंकि मामला थर्ड पार्टी से जुड़ा है। हम प्रशासन से न्याय और मुआवज़े की मांग कर रहे हैं।”

जीप चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया

इस हादसे की जानकारी मिलते ही मसूरी पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रभावित वाहनों का निरीक्षण किया और लोडिंग जीप चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। चालक ने बताया कि वो निर्माण स्थल पर सामान उतारने जा रहा था, तभी वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए और जीप अनियंत्रित हो गई। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मामला ब्रेक फेल का प्रतीत होता है, हालांकि तकनीकी जाँच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला, उन्होंने हनीमून होटल के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एमडीडी द्वारा संवेदनशील और नोटिफाइड क्षेत्रों में भी नक्शे पास किए जा रहे हैं। पिछले बोर्ड के समय कई अवैध प्लॉट को वैध घोषित कर निर्माण की अनुमति दी गई, जिससे अब ऐसे निर्माण हो रहे हैं जो सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद खतरनाक हैं। यदि समय रहते ऐसे निर्माण कार्यों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home