image: Youth Killed by Friends in Dehradun

देहरादून में फिर एक हत्या, दोस्तों ने बेसबॉल बैट से पीटकर उतारा मौत के घाट

देहरादून के बसंत विहार इलाके में नशे में धुत तीन दोस्तों ने युवक की बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव ठिकाने लगाकर फरार हो गए। गुमशुदगी की जांच में खुलासा हुआ, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Feb 17 2026 6:29PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

राजधानी देहरादून में बढ़ते अपराधों के बीच एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बसंत विहार थाना क्षेत्र में नशे में धुत तीन युवकों ने अपने ही दोस्त की बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है, जबकि मृतक का शव अभी बरामद नहीं हुआ है।

Youth Killed by Friends in Dehradun

जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब युवक के परिवार ने देहरादून नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लापता युवक दिगंबर धीमान की हत्या कर दी गई है। हालांकि, पुलिस को अभी तक शव नहीं मिला है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही शव बरामद कर लिया जाएगा।

परिजनों ने दर्ज की थी गुमशुदगी

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृतक दिगंबर धीमान के खिलाफ वर्ष 2021 में POCSO Act के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे जमानत मिल चुकी थी। 9 फरवरी को उसकी देहरादून कोर्ट में पेशी थी। वह अपने पिता के साथ कोर्ट पहुंचा और रजिस्टर में हस्ताक्षर भी किए, लेकिन किसी कारणवश उस दिन सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर ने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह शाम तक लौट आएगा। उसने बताया कि वह दोस्तों के साथ बाहर जा रहा है, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश के बाद 11 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर रेसकोर्स इलाके की गड्ढों वाली गली में अपने दोस्तों के पास गया था। वहां चारों ने साथ बैठकर शराब पी। आगे पढ़िए..

शव को ठिकाने लगाकर आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार नशे की हालत में किसी बात को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। तीनों दोस्तों ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए। अशोक राठौड़, थाना प्रभारी बसंत विहार ने बताया कि पुलिस को तीनों आरोपियों की लोकेशन मिल चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। शव की बरामदगी के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

बढ़ते अपराधों पर उठ रहे सवाल

राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले की जांच पूरी होने से पहले ही दूसरा संगीन अपराध सामने आ रहा है, जिससे आम जनता में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home