Dehradun: ब्रिगेडियर जोशी मर्डर केस के आरोपी का हाफ एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में गोली मारकर किया लंगड़ा
देहरादून के राजपुर में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मर्डर केस में फरार दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। एक आरोपी घायल, पिस्टल बरामद।
Apr 4 2026 11:13AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22) निवासी मुजफ्फरनगर और शांतनु त्यागी (21) निवासी सहारनपुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
Dehradun Brigadier Murder Case: 2 Accused Arrested After Police Encounter
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल आरोपी जोहड़ी गांव के आसपास देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सघन चेकिंग शुरू की और गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी Pramendra Dobhal और एसपी सिटी Pramod Kumar मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों से पूछताछ भी की। पुलिस की फील्ड यूनिट द्वारा पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि मामले के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
40 हजार के बिल से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल इस हत्याकांड की जड़ एक मामूली विवाद था, जो बाद में बेहद गंभीर रूप ले बैठा। 29 मार्च की देर रात आरोपी कुठालगेट स्थित ‘जेन-जी रेस्टोरेंट’ पहुंचे, जहां उन्होंने शराब और खाना खाया। बिल करीब 40 हजार रुपये आया, जिसे लेकर उनका स्टाफ से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मारपीट कर दी और मामला सड़क तक पहुंच गया। अगले दिन यानी 30 मार्च की सुबह आरोपियों ने बार स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और जोहड़ी गांव तक पहुंच गए। इसी दौरान चलती कार से की गई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। इसी दबाव को देखते हुए Pramendra Dobhal के निर्देश पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी सफलता हाथ लगी।