Uttarakhand News: देवप्रयाग में बंजी जंपिंग के बाद 21 वर्षीय युवक की मौत, मातम में बदला एडवेंचर ट्रिप
उत्तराखंड के देवप्रयाग में बंजी जंपिंग करने आए 21 वर्षीय देहरादून निवासी लक्ष्य रस्तोगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जंप के कुछ देर बाद सीने और पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Jun 17 2026 8:54PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन एवं एडवेंचर डेस्टिनेशन देवप्रयाग से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां बंजी जंपिंग करने आए 21 वर्षीय लक्ष्य रस्तोगी, निवासी देहरादून, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
21-Year-Old Dehradun Youth Dies After Bungee Jumping in Devprayag
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्य रस्तोगी ने देवप्रयाग में बंजी जंपिंग की। जंप लगाने के बस कुछ ही समय बाद ही उन्होंने पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत की। शुरुआत में परिजन उन्हें आराम के लिए एक लॉज में ले गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। महज 21 वर्ष की उम्र में लक्ष्य रस्तोगी की असमय मौत से उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भी इस दुखद हादसे की चर्चा है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
युवक की तबीयत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद लक्ष्य रस्तोगी को मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
मौत के कारणों की होगी जांच
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
एडवेंचर स्पोर्ट्स को लेकर उठे सवाल
देवप्रयाग सहित उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बंजी जंपिंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियां बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा मानकों, स्वास्थ्य जांच और एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।