देहरादून: माजरा के नाले से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद, घर लौटते समय हुआ हादसा
देहरादून के माजरा क्षेत्र में 21 वर्षीय अमित सेमवाल का शव नाले से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार भारी बारिश के बाद बढ़े पानी के बहाव में डूबने से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
Aug 1 2026 1:46PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
माजरा क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे बने नाले से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रात में हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का तेज बहाव होने से युवक डूब गया या बह गया।
dehradun-majra-drain-death-amit-semwal-rain-accident
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अमित सेमवाल (21) पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। अमित देहरादून स्थित सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पैदल अपने घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। आगे पढ़िए..
रात करीब 12:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात में हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। आशंका है कि अमित नाले में गिर गया और तेज बहाव या डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों, खुले नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा रात के समय अनावश्यक आवाजाही से बचें।