image: Uttarakhand Weather Update 14 September 2026

Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश, आज 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; दून का तापमान 4 डिग्री गिरा

उत्तराखंड में आज 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने सभी जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बौछारों की संभावना जताई है। बुधवार से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।
Sep 14 2026 8:29AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। करीब एक सप्ताह बाद रविवार को देहरादून में जोरदार बारिश हुई। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ती रहीं। कुमाऊं मंडल के अधिकांश क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।

Uttarakhand Weather Update 14 September 2026

मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार 14 सितम्बर को उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की स्थिति बन सकती है। आगे पढ़िए..

लोगों को बारिश के दौरान खुले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि बुधवार से प्रदेश में बारिश का क्रम काफी धीमा पड़ने के आसार हैं। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल अगले दो दिन पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

रविवार को दिनभर देहरादून में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहा। इसके चलते दून का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहा। बीते रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर में अधिकतम 19.7 डिग्री और न्यूनतम 15.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home