image: River Rafting Season Begins in Muni Ki Reti

ऋषिकेश: मुनि की रेती में गंगा की लहरों पर लौटा रोमांच, साल के दूसरे राफ्टिंग सीजन का आगाज

मुनि की रेती में गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नए रिवर राफ्टिंग सीजन का विधिवत शुभारंभ हो गया। सीजन शुरू होने से राफ्टिंग कारोबार के साथ होटल, कैंप, रेस्टोरेंट और परिवहन व्यवसायों में भी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
Sep 24 2026 10:05AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के मुनि की रेती क्षेत्र में बुधवार को गंगा की लहरों पर रोमांच का नया दौर शुरू हो गया। नए रिवर राफ्टिंग सीजन का विधिवत शुभारंभ गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस दौरान राफ्टिंग व्यवसायियों, रिवर गाइड्स और पर्यटन कारोबार से जुड़े स्थानीय लोगों ने गंगा घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान राफ्टिंग सीजन के सफल और निर्विघ्न संचालन के साथ पर्यटकों की सुरक्षा की कामना की गई।

River Rafting Season Begins in Muni Ki Reti

बुधवार सुबह से ही गंगा घाटों पर राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गंगा पूजन किया गया। इस दौरान राफ्टिंग व्यवसायियों ने सुरक्षित राफ्टिंग के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का संकल्प लिया। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

पर्यटकों की बढ़ती पसंद से कारोबारियों को उम्मीद

राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धमेंद्र नेगी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में साहसिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ा है। राफ्टिंग के कारण मुनि की रेती और आसपास का क्षेत्र व्हाइट वाटर राफ्टिंग के प्रमुख केंद्रों में अपनी पहचान बना चुका है। आगे पढ़िए..

नए सीजन की शुरुआत के साथ राफ्टिंग कारोबारियों को पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही होटल, रिसॉर्ट, कैंप और राफ्टिंग यूनिट्स में भी बुकिंग बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

होटल से लेकर परिवहन कारोबार तक को फायदा

राफ्टिंग सीजन केवल राफ्टिंग कंपनियों तक सीमित नहीं रहता। इसके शुरू होने से होटल, कैंप, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रिवर गाइड, लाइफ गार्ड, ट्रांसपोर्टर, कैंप संचालक और होटल-रेस्टोरेंट कर्मी के तौर पर पर्यटन कारोबार से जुड़े हैं। सीजन की शुरुआत के साथ इन लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।

पर्यटकों की सुरक्षा पर जोर

राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है। पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कहा कि राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों को लाइफ जैकेट और हेलमेट पहनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्धारित राफ्टिंग स्ट्रेच और तय समय-सारणी का भी सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी न हो, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home