हरिद्वार में खत्म हुआ इंतजार! हरकी पैड़ी पर फिर बहने लगी गंगा की अविरल धारा
ऊपरी गंगनहर की मरम्मत और सफाई पूरी होने के बाद 18 दिन बाद शनिवार मध्यरात्रि से नहर में पानी छोड़ दिया गया। इससे दीपावली पर हरकी पैड़ी में गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश के किसानों को राहत मिलेगी।
Nov 8 2026 8:59AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
धर्मनगरी हरिद्वार से श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। 18 दिन के इंतजार के बाद आखिरकार हरकी पैड़ी पर मां गंगा की अविरल धारा फिर से लौट आई है। शनिवार मध्यरात्रि से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने ऊपरी गंगनहर में पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। पहले दिन गंगनहर में करीब 2,000 से 2,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। इससे दीपावली पर्व पर हरकी पैड़ी पहुंचने वाले श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा सकेंगे।
Ganga Water Returns to Har Ki Pauri After 18 Days
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हर साल ऊपरी गंगनहर की मरम्मत, रखरखाव और साफ-सफाई के लिए वार्षिक बंदी की जाती है। इस वर्ष भी 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि से गंगनहर को बंद कर दिया गया था। गंगनहर में पानी की आपूर्ति रुकने के कारण हरकी पैड़ी पर भी गंगाजल का प्रवाह बंद हो गया था। इस दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूरी में सिंचाई विभाग की ओर से अविरल गंगा से उपलब्ध कराए गए पानी से किसी तरह व्यवस्था संचालित की जा रही थी।
गंगा स्नान नहीं होने से बाजारों की रौनक भी पड़ी थी फीकी
हरकी पैड़ी पर गंगाजल का प्रवाह बंद होने का असर केवल श्रद्धालुओं पर ही नहीं, बल्कि हरिद्वार के व्यापार पर भी देखने को मिला। आगे पढ़िए..
गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम होने से हरकी पैड़ी और आसपास के बाजारों में भी रौनक फीकी पड़ गई थी। इसके अलावा गंगनहर बंद होने से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों को भी सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
किसानों को भी मिलेगी राहत, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी
अब गंगनहर में पानी छोड़े जाने से दोनों राज्यों के किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू होने से कृषि कार्यों को गति मिलेगी। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी के मुताबिक, गंगनहर के जरूरी मरम्मत और रखरखाव संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं को गंगाजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।
दीपावली पर हरिद्वार में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
गंगनहर में पानी की आपूर्ति बहाल होने के साथ ही दीपावली पर्व पर हरकी पैड़ी में गंगा स्नान करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। गंगाजल की उपलब्धता बढ़ने से हरकी पैड़ी पर धार्मिक गतिविधियां फिर से सामान्य होंगी। साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय व्यापारियों को भी कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। 18 दिन बाद हरकी पैड़ी पर मां गंगा की धारा लौटने से हरिद्वार में दीपावली की रौनक भी बढ़ने वाली है।