image: Three Arrested in Ramnagar Woman Murder Case

उत्तराखंड: विमला देवी हत्याकांड का खुलासा, सेना के जवान समेत तीन गिरफ्तार; बेटों की हत्या की भी थी साजिश

नैनीताल के रामनगर में विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सेना के जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी रंजिश में महिला की हत्या की थी और उनके दोनों बेटों को भी मारने की साजिश रची थी।
Nov 12 2026 7:53PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 12 नवंबर को नैनीताल पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भारतीय सेना का एक जवान भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब तीन साल पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपियों ने विमला देवी की हत्या के बाद उनके दोनों बेटों को भी मारने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।

Three Arrested in Ramnagar Woman Murder Case

नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी मोहित भारतीय सेना में कार्यरत जवान है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते विमला देवी की हत्या की साजिश रची थी।

घर के बाहर मिला था महिला का शव

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि रामनगर के किशनपुर छोई गांव में एक महिला का शव उसके घर के बाहर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पुलिस को एक बुजुर्ग महिला का शव मिला, जिसकी पहचान 56 वर्षीय विमला देवी के रूप में हुई। महिला के सिर और शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी समेत कई पुलिस टीमें गठित कीं।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि तीन लोग विमला देवी को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह रही। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने दोनों बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद से मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी। आरोप है कि जब भी मोहित छुट्टियों में घर आता था तो वह महिला के परिवार को परेशान करता था और उनके साथ गाली-गलौज भी करता था। इसी रंजिश में उसने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई।

महिला को गाड़ी में ले जाकर की गई हत्या

पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए दो अन्य युवकों को अपने साथ शामिल किया। इसके बाद तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से विमला देवी के साथ मारपीट की और उन्हें गाड़ी में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। एसएसपी के अनुसार, आरोपियों ने महिला को पानी में डुबोया और इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के शव को वापस लाए और उनके घर के पास फेंककर फरार हो गए।

विमला देवी के दोनों बेटों की हत्या की भी थी योजना

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की साजिश केवल विमला देवी की हत्या तक सीमित नहीं थी। वह महिला की हत्या के बाद उनके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारना चाहता था। इसके लिए उसने पूरी योजना तैयार कर रखी थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इस तरह एक और संभावित वारदात को होने से रोक दिया।

सेना के जवान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:-
1. मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर, जिला नैनीताल।
2. सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर।
3. मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मोहम्मद बिलाल, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर।
मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल भारतीय सेना में कार्यरत जवान बताया गया है।

आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home