image: Uttarakhand anoop shah to get padma award

उत्तराखंड के अनूप शाह को पद्मश्री अवार्ड, जानिए इनके बेमिसाल कामों की कहानी

मशहूर फोटोग्राफर अनूप शाह को पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। ये अवॉर्ड उन्हें पर्यावरण संरक्षण और फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा।
Jan 26 2019 9:42AM, Writer:कोमल

मशहूर फोटोग्राफर अनूप शाह को फोटोग्राफी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये पदमश्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुने गए फोटोग्राफर अनूप शाह का पूरा जीवन पर्वतारोहण, पर्यावरण संरक्षण और फोटोग्राफी के लिए समर्पित रहा है। उनके द्वारा खींचे गए 350 से ज्यादा फोटोग्राफ्स को पुरस्कार मिल चुका है, जबकि 3500 से ज्यादा फोटोग्राफ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों का हिस्सा बन चुके हैं। अनूप शाह कई ट्रैकिंग अभियानों में शामिल रह चुके हैं, उन्होंने 6 दुर्गम चोटियों पर सफल आरोहण किया है। अनूप शाह का जन्म 8 अगस्त 1949 में नैनीताल में हुआ था। फोटोग्राफी की शुरुआत उन्होंने अपने पिता की तरफ से उपहार में मिले कैमरे से की, धीरे-धीरे उनका ये शौक जूनून बन गया।

यह भी पढें - देवभूमि के लिए गौरवशाली पल, बछेंद्री पाल को पद्म भूषण और प्रीतम भरतवाण पद्मश्री अवॉर्ड
स्वभाव से बेहद शांत अनूप शाह को उत्तराखंड के पर्यावरण और जैव विविधता की गहरी जानकारी है। उन्हें हिमालय, यहां की वनस्पतियों और जैव विविधता का इन्साइक्लोपिडिया कहा जाता है। वो पर्यावरण संरक्षण के लिए समय-समय पर मुहिम चलाते रहे हैं। उत्तराखंड की जड़ी-बूटियों और बुग्यालों को बचाने के लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी है। उनके खींचे चित्र राजभवन की कॉफी टेबल से लेकर राज्य के प्रमुख संस्थानों के कैलेंडर्स में देखे जा सकते हैं। पद्मश्री शेखर पाठक के साथ उनकी किताब कुमाऊं हिमालय टेंपटेशन भी प्रकाशित हुई है। अनूप शाह की शानदार फोटोग्राफी के लिए भारत सरकार इन्हें पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित करने जा रही है। शाह ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने ये पुरस्कार हिमालयवासियों को समर्पित किया है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home