हेलो उत्तराखंड पंचायत चुनाव रिजल्ट: 2 मिनट में जान लीजिए ताजा अपडेट
देहरादून के सहसपुर का पहला परिणाम घोषित हो गया है, यहां चंदोटी ग्राम पंचायत से सीता कुमारी प्रधान चुनी गईं...
Oct 21 2019 6:16PM, Writer:कोमल नेगी
पंचायत चुनाव के हर अपडेट के लिए राज्य समीक्षा से जुड़े रहिए। काउंटिंग से जुड़ा हर अपडेट हम लगातार आप तक पहुंचा रहे हैं। चुनाव के नतीजे घोषित होने के साथ ही, जश्न का दौर भी शुरू हो गया है। देहरादून के सहसपुर क्षेत्र का पहला परिणाम घोषित हो गया है, यहां चंदोटी ग्राम पंचायत से सीता कुमारी प्रधान चुनी गईं। टिहरी में जिला पंचायत खवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी धनपाल नेगी ने जीत दर्ज की है। चंपावत में रावल गांव के प्रधान के पद पर चंद्रशेखर गड़कोटी चुने गए। रानीखेत की झालोदी सीट से नीरज तिवारी बीडीसी सदस्य चुने गए हैं। पिथौरागढ़ के मूनाकोट ब्लॉक के चिरॉली में सीमा थापा और धुरचू में नरेंद्र चंद ग्राम प्रधान पद पर जीते हैं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड पंचायत चुनाव रिजल्ट: सबसे कम उम्र की प्रधान बनीं 21 साल की रागिनी, साइकोलॉजी से ग्रेजुएट
लोहाघाट ब्लॉक में मल्ला खाइकोट में गंगा देवी ने छह वोटों से चुनाव जीत लिया। गंगा को 176 और उनकी प्रतिद्वंदी रेखा को 170 वोट मिले हैं। बाजपुर के गजरौला गांव में हरजिंदर सिंह ने जीत दर्ज की। लोहाघाट के फरतोला में ममता देवी जीतीं। तल्ला बापरु में कमला देवी और झिरकुनी में राजेश जोशी ने जीत हासिल की। टिहरी जिले में 77 प्रधान निर्विरोध चुने गए हैं। 40 क्षेत्र पंचायत में से एक निर्विरोध चुना गया है। इसी तरह नौ जिला पंचायत में से दो निर्विरोध चुने गए हैं, बाकि पर मतगणना जारी है। भीमताल के मलुवाताल ग्राम पंचायत से लक्ष्मण सिंह गंगोला जीते। उत्तराखंड में पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए गए। जिसमें कुल 3006378 वोट पड़े हैं। करीब 35600 प्रत्याशियों ने चुनाव में हिस्सा लिया।