उत्तराखंड में गुलदार ने पूर्व फौजी को मार डाला, जंगल में मिली आधी खाई हुई लाश
उत्तरांड में गुलदार का कहर एक बार फिर से देखनेको मिला। 57 वर्षीय परवीन सिंह चौहान देर रात जरखाल गांव से अंगड़ी गांव लौट रहे थे, इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। पढ़िए पूरी खबर..
Jan 27 2020 11:33AM, Writer:कोमल
पहाड़ में जानवरों और इंसानों के बीच हिंसक झड़प की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। उत्तराखंड में गुलदार के हमले में लोग जान गंवा रहे हैं। पहाड़ से मैदान तक ऐसा कोई जिला नहीं, जहां गुलदार आतंक का सबब ना बने हुए हों। ताजा मामला कोटद्वार का है, जहां पोखरा रेंज में आने वाले एक गांव में तेंदुए ने पूर्व सैनिक पर हमला कर दिया। हमले में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। घटना के बाद से लोग डरे हुए हैं। वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया है, साथ ही गश्त के लिए वनकर्मियों की टीम भी तैनात कर दी है। घटना शनिवार रात की है। अंगड़ी गांव के रहने वाले 57 वर्षीय परवीन सिंह चौहान देर रात जरखाल गांव से अंगड़ी गांव की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में परवीन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिस वजह से उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें - स्मार्ट सिटी देहरादून की रैंकिंग में जबरदस्त सुधार, 2 मिनट में पढि़ए ये Good News
घटना के बारे में लोगों को सुबह पता चला। सुबह गांव के कुछ लड़के जरखल गांव की तरफ घूमने जा रहे थे। तभी उन्हें रास्ते में चप्पल, टोपी और खून गिरा मिला। थोड़ी दूर पहुंचने पर उन्हें परवीन सिंह की लाश दिखाई दी। परवीन सिंह की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। पुलिस ने बताया कि परवीन सिंह के गले पर गहरे निशान मिले हैं। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुलदार के हमले में पूर्व सैनिक की मौत के बाद से लोग डरे हुए हैं। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसके आतंक से निजात दिलाने की मांग की। उत्तराखंड में गुलदार हर जगह आतंक मचा रहे हैं और लोगों का शिकार कर रहे हैं।