उत्तराखंड के 23 लोग हरियाणा में फंसे..कहा-हम कई दिनों से भूखे हैं, मदद कीजिए
हरियाणा में फंसे लोगों ने बताया कि उनके पास खाने-पीने का सामान खत्म हो गया है। 24 घंटे में एक समय का भोजन भी ठीक से नहीं मिलता। साथ में एक गर्भवती महिला और बच्चे भी हैं जो कि भूख से तड़प रहे हैं...
Apr 29 2020 12:20PM, Writer:कोमल नेगी
लॉकडाउन के कारण गरीब-बेसहारा लोगों की तकलीफें बढ़ गई हैं। खासकर वो लोग जो परदेस में फंसे हैं। उनके पास ना तो रहने के लिए छत बची, और ना ही पेट भरने के लिए अनाज। दिल चीर देने वाली ऐसी ही एक तस्वीर हरियाणा से आई है, जहां इन दिनों बाजपुर के 23 लोग फंसे हुए हैं। आंखों में आंसू लिए इन लोगों के चेहरे पर बेबसी साफ देखी जा सकती है। जागरण की खबर के मुताबिक ये सभी लोग ऊधमसिंहनगर के रहने वाले हैं। इन दिनों हरियाणा में फंसे हैं। निकलने की कोई राह ना देख इन 23 लोगों ने एक वीडियो जारी कर सरकार से मदद की गुहार लगाई, कहा कि इन्हें किसी तरह इनके जिले वापस पहुंचा दिया जाए। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य को भेजे वीडियो में लोगों ने अपनी तकलीफें भी बताई। हरियाणा में फंसे लोगों ने बताया कि उनके पास खाने-पीने का सामान खत्म हो गया है। 24 घंटे में एक समय का भोजन भी ठीक से नहीं मिलता। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में कोरोना वायरस की लेटेस्ट रिपोर्ट देखिए..मिल रही है अच्छी खबर
साथ में महिलाएं और बच्चे भी हैं जो कि भूख से तड़प रहे हैं। एक गर्भवती महिला भी साथ में है, जो कि पांच महीने की गर्भवती है। वीडियो में दिख रहे लोग बाजपुर के बरहैनी के रहने वाले हैं। 23 मार्च को ये लोग हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सरसों की फसल काटने गए थे। फसल की कटाई के बाद सभी वापस लौटने वाले थे कि तभी लॉकडाउन लग गया। फिलहाल ये लोग खेत के किनारे बनी एक छोटी से कुटिया में रह रहे हैं। इन लोगों ने कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य को वीडियो भेजकर मदद की गुहार लगाई। लोगों ने कैबिनेट मिनिस्टर से कहा कि जैसे-तैसे इंतजाम कर उन्हें वापस बुलाया जाए, ताकि वो अपने घर लौट सकें। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। समाजसेवी और गांव के लोग भी सरकार-प्रशासन से इन्हें वापस लाने की अपील कर रहे हैं।