उत्तराखंड: 5 साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता फरार
बच्चा सिर्फ 5 साल का था। उसकी मौत के बाद से उसका पिता फरार है, पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है...
May 15 2020 8:42PM, Writer:कोमल नेगी
ऊधमसिंहनगर जिले का काशीपुर शहर...यहां 5 साल के मासूम की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद से उसका पिता फरार है। माना जा रहा है कि घटना के पीछे कहीं ना कहीं बच्चे के पिता का भी हाथ है, पुलिस जब घर पर पहुंची तो मासूम का पिता घर पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। चलिए आपको पूरा मामला बताते हैं। घटना बांसफोड़ान मोहल्ले की है। जहां नगर निगम के पास एक परिवार रहता है। परिवार में कहने के नाम पर सिर्फ पिता, दादी और बच्चा शामिल था। बच्चा 5 साल का था। दो साल पहले पिता का अपनी पत्नी से तलाक हो गया था। बच्चे की दादी ने बताया कि उसका बेटा शराब पीने का आदी है। शराब की लत के चलते उसने अपना परिवार बर्बाद कर लिया। वो रोज शराब पीकर घर आता और पत्नी से झगड़ा करता। जब सहा नहीं गया तो दो साल पहले पत्नी घर छोड़कर चली गई और तलाक दे दिया। अब परिवार में सिर्फ बच्चा और उसकी दादी बचे थे। बीते दिन बच्चे की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, घटना के बाद से ही बच्चे का पिता फरार चल रहा है। पुलिस लोगों से पूछताछ कर उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें - चमोली जिले के देवल तोक में गुलदार का खौफ..हर दिन मवेशियों को बना रहा है निवाला