देहरादून से लखनऊ के लिए 25 अगस्त से नई हवाई सेवा, जानिए पूरा शेड्यूल
देहरादून और लखनऊ के बीच 25 अगस्त से नई हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रियों का समय भी बचेगा।
Aug 20 2020 1:43PM, Writer:Komal Negi
प्रदेश में कोरोना और लॉकडाउन के चलते थमी हवाई सेवाएं धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगी हैं। देहरादून से देश के अलग-अलग शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। पहाड़ के छोटे शहर और कस्बे हेली सेवा से जुड़ रहे हैं। इसी कड़ी में एक अच्छी खबर देहरादून से आई है। देहरादून और लखनऊ के बीच जल्द ही नई हवाई सेवा की शुरूआत होने वाली है। देहरादून और लखनऊ के बीच 25 अगस्त से नई हवाई सेवा शुरू की जाएगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से विमानन कंपनी इंडिगो का विमान लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा। हवाई सेवा की शुरुआत से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यात्रियों का समय बचेगा साथ ही सुविधाजनक यात्रा सेवा भी मिलेगी। विमानन कंपनी इंडिगो देहरादून से लखनऊ के बीच हफ्ते के तीन दिन हवाई सेवा का संचालन करेगी। जिसकी शुरुआत 25 अगस्त से होने जा रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम ने बताया कि हवाई यात्रियों को पूरी तरह से सुरक्षित यात्रा देने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: दो गावों में आया सैलाब, भूस्खलन से सब कुछ तहस-नहस..कई मवेशी लापता
बेहतर हवाई सेवा उपलब्ध कराने के लिए विमानन कंपनियां भी अपनी उड़ानों को बढ़ा रही हैं। चलिए अब आपको फ्लाइट का शेड्यूल बताते हैं। देहरादून से इंडिगो कंपनी का विमान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा। तय शेड्यूल के अनुसार विमान देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर शाम 5 बजकर 25 मिनट पर पहुंचेगा। देहरादून से लखनऊ के लिए उड़ान भरने का समय 6 बजे निर्धारित है। आपको बता दें कि लॉकडाउन के चलते बीते 25 मार्च को हवाई सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी। 25 मई से हवाई सेवाओं का संचालन दोबारा शुरू किया गया है। राज्य सरकार भी हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए हर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में बेंगलुरू और हैदराबाद के लिए हवाई सेवा की शुरुआत की गई है। पर्वतीय शहरों-कस्बों को भी हेली सेवा से जोड़ा जा रहा है। नई टिहरी, श्रीनगर गढ़वाल और गौचर के लिए हेली सेवा शुरू की गई है। लॉकडाउन के बाद हवाई सेवाओं को धीरे-धीरे विस्तार मिलने लगा है।